भारत के खिलाफ टिप्पणी करने वालों को और देश के खिलाफ टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा : राजौरिया

जिला भाजपा की विस्तारित पदाधिकारी बैठक में पारित हुआ निंदा प्रस्ताव

भिण्ड, 20 दिसम्बर। भारतीय जनता पार्टी की जिला विस्तारित पदाधिकारी बैठक आयोजित की गई। जिसमें जिलाध्यक्ष देवेन्द्र नरवरिया, जिला प्रभारी जयप्रकाश राजौरिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नाथूसिंह गुर्जर, डॉ. रमेश दुबे, रोमेश महंत अम्बरीश शर्मा, अशोक चौधरी, पूर्व विधायक शिवशंकर समाधिया, जिला महामंत्री कमल शर्मा, धीरसिंह भदौरिया, धर्मसिंह भार्गव, श्रीमती कृष्णकांता तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष कामना भदौरिया मंचासीन रहे। जिला बैठक में कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी द्वारा भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरुद्ध की गई अशोभनीय टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की।
इस अवसर पर जिला प्रभारी जयप्रकाश राजौरिया ने कहा कि भारत के खिलाफ टिप्पणी करने वालों को और देश के खिलाफ टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम पाकिस्तान को बताना चाहते हैं कि मोदी जी न सिर्फ भारत वासियों के बल्कि विश्व के करोड़ों लोगों के आदर्श और निर्णायक नेता हैं। हम सभी उनके भीतर एक सच्चे राष्ट्र भक्त को देखते हैं। हमें अपने नेता पर गर्व है। मोदी जी के नेतृत्व में भारत से पाकिस्तान प्रेरित आतंकवाद जिस प्रकार समाप्त हुआ है और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे कड़े कदम उठाकर भारत ने पाकिस्तान को उसकी हैसियत दिखाई है, इस कारण से पाकिस्तान की बौखलाहट स्वभाविक है। अच्छा होगा पाकिस्तान के नेता अपनी हदों को समझने का प्रयास करें और ऐसी हरकतों से बाज आएं। हमारे नेता के नेतृत्व में हमारे देश की साख आज विश्व के शिखर पर है और पाकिस्तानी नेताओं के कारण उनका देश हर मोर्चे पर परास्त हो रहा है।आज की बैठक पाकिस्तान विदेश मंत्री की कड़ी निंदा करते हुए चेतावनी भी देना चाहती है कि भारत के नागरिक पाकिस्तान हर समय मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।

भाजपा जिला अध्यक्ष देवेन्द्र नरवरिया ने कहा कि हम ऐसी दुर्दांत शैतानी ताकतों को कतई बर्दाश्त नहीं करते, जिला भाजपा इसकी आलोचना करती है। भारत के सम्मान के खिलाफ टिप्पणी करने वाले लोगों ने भारत की भावनाओं को आहत किया है। यह भारत 21वीं सदी का भारत है जो भारत की तरफ आंख उठाकर देखेगा उसे उसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। बैठक में सभी जिला पदाधिकारी, मण्डल अध्यक्ष और मोर्चा/ प्रकोष्ठों के अध्यक्ष उपस्थित थे।