दूसरे दिन जिला कांग्रेस की यात्रा मेहगांव के लिए हुई रवाना
भिण्ड, 06 नवम्बर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में बढ़ती महंगाई के विरोध एवं संपूर्ण भारत और भारत वासियों को जोडऩे के लिए भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है। इसी तारतम्य में रविवार को भिण्ड जिला कांग्रेस के तत्वावधान में दूसरे दिन यात्रा एवीएम स्कूल पिड़ोरा से मेहगांव के लिए रवाना हुई।
इस दौरान जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा ने भाजपा की रीति नीतियों का विरोध करते हुए कहा कि भाजपा की दमनकारी रीति और नीति का ही नतीजा है, जो आज आम जनता महंगाई से त्रस्त है, भाजपाई दलाली में व्यस्त हैं, जिनकी औकात साइकिल से चलने की नहीं थी वो आज महंगी गाडिय़ों में चल रहे हैं, जो भाजपाई कल तक कंगाल थे, रातों रात उनके महल खड़े हो चुके हैं। ये पैसा आम जनता का है जो लूटने का काम भाजपाई कर रहे हैं।
शहर जिलाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा ने कहा कि देश में नफरत का बीज बोया जा रहा है। हिन्दू, मुस्लिम, सिक्ख, ईसाई को आपस मे लड़ाया जा रहा है। इस देश के लोग अमन पसंद हैं, लेकिन आज भाजपा लोगों को एक-दूसरे का दुश्मन बनाने का काम कर रही है। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष रामकिशोर भारद्वाज ने कहा कि आम जनता आने वाले 2023 के विधानसभा और 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा को इसका करारा जवाब देगी। जिस तरह से आज आम जनता परेशान व त्रस्त है, जनता के लिए कांग्रेस अब हर लड़ाई लडऩे के लिए तैयार है। देवाशीष जरारिया ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है, वो देश की राजनीती की नई दिशा तय करने का काम करेगी।
यात्रा में प्रभारी रंजित सिंह गुर्जर, सेवादल जिलाध्यक्ष संदीप मिश्रा, मनोज दैपुरिया, प्रवक्ता डॉ. अनिल भारद्वाज, संतोष त्रिपाठी, अरविन्द बघेल, रेखा भदौरिया, शैलेन्द्र भदौरिया, राजेश शर्मा, राजवीर खन्ना, वीरेन्द्र त्यागी, अभिषेक मेरी, प्रदीप सिंह, राजू शर्मा, हरेन्द्र गर्ग, राजीव सिंह, पिंटू शर्मा, चतुर सिंह नरवरिया, शिवशंकर भदौरिया, यतेन्द्र मिश्रा, प्रमोद शुक्ला, सूरजपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल थे।