अद्भुत शख्सियत थे स्व. शिवराम सिंह : डॉ. गोविन्द सिंह

अभा कवि सम्मेलन में तीन कृतियों का हुआ विमोचन

भिण्ड, 29 अक्टूबर। समाजसेवी शिक्षक तथा महदवा के पूर्व सरपंच रहे स्व. शिवराम सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर रौन कस्बे में गीतकार डॉ. शिवेन्द्र सिंह शिवेन्द्र के काव्य संग्रह ‘बिरबा अपनी माटी के’, ‘माटी के संस्कार गीत’ तथा ‘महकती चंदनी सांसें’ का विमोचन भव्यता एवं दिव्यता से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मप्र विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने कहा कि डॉ. शिवेन्द्र सिंह की काव्य कृतियां नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करेंगी। उन्होंने स्व. शिवराम सिंह को क्षेत्र की अद्भुत शख्शियत बताते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मप्र शासन के राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया ने कहा कि गीतकार डॉ. शिवेन्द्र सिंह शिवेन्द्र की कई पुस्तकें पढ़ी हैं। वे बहुत अच्छे गीतकार हैं। उनके पिता शिवराम सिंह विलक्षण प्रतिभा के मिलनसार व्यक्ति थे। अंत में उन्होंने डॉ. शिवेन्द्र को वीरता से ओत-प्रोत साहित्य लिखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में 20 वरिष्ठ कवियों, समाज सेवियों एवं पर्यावरण के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को राष्ट्रीय खुशबू सम्मान 2022 से सम्मानित किया गया। इसके बाद चार प्रदेशों से पधारे विभिन्न विधा के कवियों एवं कवयित्रियों ने अपनी कविताओं व गीतों से हजारों श्रोताओं को आनंदित किया। कवियों में भरतपुर से पधारे ओजकवि अभिषेक अमर, गतिकार राजवीर भारती सवलगढ़, गजलकार विवेक बरसैंया झांसी, कवियित्री ममता वाणी आगरा, प्रतिज्ञा गुप्ता झांसी, कामिलजी शायर अशोकनगर, रजा ग्वालियरी, डॉ. सुनील त्रिपाठी निराला भिण्ड, कौशलेन्द्र सिंह बाराकलां, चन्द्रशेखर कटारे आदि का काव्यपाठ शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक लगातार चलता रहा। संयोजक डॉ. शिवेन्द्र सिंह का काव्य पाठ सुबह छह बजे के बाद हुआ। आभार प्रदर्शन प्राचार्य डीएस कौरव तथा अतिथियों का सम्मान नेता प्रतिपक्ष और मंत्री ने किया। रौन नगर का कार्यक्रम स्थल गीतों और गजलों से गुंजायमान रहा।