दमोह हत्याकाण्ड की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए : डॉ. गोविन्द सिंह

प्रदेश में भाजपा सरकार का अजा/जजा विरोधी चेहरा हुआ बेनकाब

भिण्ड, 26 अक्टूबर। मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार अनुसूचित जाति/ जनजाति वर्ग की विरोधी है, यही कहा है कि प्रदेश में इन वर्गों पर लगातार अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अपराध अनुसंधान ब्यूरो के आंकड़े भी यही दर्शा रहे हैं। बुंदेलखण्ड में अजा वर्ग पर हो रहे अत्याचार इस बात का प्रमाण हैं कि दबंगों के आतंक से उनका जीना मुश्किल हो रहा है। 25 अक्टूबर को दमोह जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर देहात थाना क्षेत्र के ग्राम देवरान में सुबह अजा वर्ग के घमण्डी अहिरवार, उसकी पत्नी राजप्यारी, पुत्र मानक की दबंगों ने गोली मार कर हत्या कर दी एवं पुत्र महेश को गोली मार कर घायल कर दिया। इसके पूर्व में भी इस प्रकार की बुंदेलखण्ड क्षेत्र में घटनाएं हो चुकी हैं, दबंगों के आतंक के चलते हजारों की संख्या में लोग पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस घटना के सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कराई जाए एवं मृतकों के निकटतम परिजनों को 50-50 लाख रुपए की सहायता प्रदान की जाए। इस घटना के जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को तत्काल निलंबित कर घटना की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।