पेंशन बहाली को लेकर अधिकारी एवं कर्मचारियों ने गोल मार्केट पर सत्याग्रह

भिण्ड, 02 अक्टूबर। न्यू मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन संघ के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2005 के बाद के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों ने स्थानीय गोल मार्केट पर पेंशन सत्याग्रह का आयोजन किया। अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, नलकूप विभाग, उच्च शिक्षा विभाग एवं अन्य सभी शासकीय विभागों के एनपीएस प्राप्त कर्मचारी उपस्थित हुए।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ दुर्गा सप्तशती के अवसर पर मां भगवती के यज्ञ हवन के साथ सद्बुद्धि यज्ञ से की गई। हवन में एनपीएस विनाश के लिए एवं पुरानी पेंशन बहाली हेतु आहुति दी गई। इसी क्रम में सभी ने शपथ ली कि पुरानी पेंशन नहीं तो वोट नहीं।
प्रदेश प्रवक्ता गिर्राज सिंह भदौरिया ने कहा कि हमारे संगठन की बस एक ही मांग है कि नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता के साथ पुरानी पेंशन बहाल की जाए। कार्यक्रम के अंत में 12 से तीन बजे तक पेंशन सत्याग्रह रघुपति राघव राजाराम गाते हुए किया। विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने अनशन सत्याग्रहीओं के बीच आकर उनकी बात का समर्थन किया और कहा कि हम मुख्यमंत्री तक आपकी बात अवश्य पहुंचाएंगे। जिला अध्यक्ष गगन शर्मा ने कहा कि अब समय आ गया है कि जब पड़ौसी प्रदेश सरकारों ने पुरानी पेंशन बहाल कर दी है, तो हमारी मप्र सरकार को भी गंभीरता से विचार कर पुरानी पेंशन बहाल की जाए, इसी में सभी तीन लाख 35 हजार कर्मचारियों-अधिकारियों का हित है।
इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता गिर्राज भादौरिया, प्राचार्य अवनीश भदौरिया, शैलेन्द्र सिंह सेंगर, कार्यकारी जिलाध्यक्ष अमित शर्मा, रामकुमार तिवारी संजीव पावक पटवारी, राघवेन्द्र सिंह तोमर पटवारी, रामपाल सिंह भदौरिया, संतोष यादव, मनीष मिश्रा, मुनेन्द्र भदौरिया, राजकुमार सोनी, सुनील भदौरिया, मधुकर श्रीवास्तव लिपिक, मोहित दीक्षित, अभय जादौन, जयदीप सिंह राजावत फौजी, राजेन्द्र गोयल, विनोद गोयल और बड़ी संख्या में एनपीएस प्राप्त अधिकारी कर्मचारी पेंशन बहाली हेतु उपस्थित रहे।