गोरमी एवं मेहगांव में किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत
भिण्ड, 21 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी दर्शन सिंह के भिण्ड आगमन के दौरान भाजपा किसान मोर्चा एवं भारतीय जनता पार्टी तथा ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने मेहगांव, गोरमी तथा भिण्ड में उनकी अगुवानी की और पुष्प मालाओं से स्वागत किया। मेहगांव में किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह गुर्जर, मण्डल अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनकी अगवानी करते हुए स्वागत किया। वहीं गोरमी नगर से चार किमी दूर ग्राम महदोली में ग्राम पंचायत की सरपंच रेनू गिरिराज व्यास के आवास पर किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन चौधरी का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विजय दैपुरिया, प्रदेश कोषाध्यक्ष भरत दांतरे, ग्वालियर जिलाध्यक्ष गिरिराज व्यास, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रज्जन भदौरिया सहित तमाम राजनेता उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में ग्राम पंचायत की सरपंच रेनू गिर्राज व्यास ने प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी का शॉल एवं श्रीफल के साथ एवं स्थानीय ग्रामीणों ने स्वागत किया।
किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन चौधरी ने कहा कि प्रदेश की शिवराज सरकार एवं केन्द्र की मोदी सरकार ने किसान कल्याण की तमाम योजनाएं शुरू की हैं, जिससे किसानों के जीवन स्तर को सुधारा जा सके एवं उनकी आय को दोगुना किया जा सके हमारी सरकार गांव गरीब किसान मजदूर युवा के लिए समर्पित सरकार है।
मोर्चा के जिलाध्यक्ष विजय दैपुरिया ने कहा कि किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर आज जो ट्रैक्टर यात्रा निकाली उसके लिए मैं सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं और प्रदेश अध्यक्ष को यह आश्वस्त करता हूं कि किसान मोर्चा के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का घर-घर जाकर प्रचार प्रसार करेंगे। अंत में आभार पूर्व सरपंच केशव ब्यास ने व्यक्त किया। इस अवसर पर राममोहन शर्मा, राजेश चुरारिया, योगेश व्यास, कल्ले तेहनगुरिया चिंटू परमार, मयंक राजपूत, राजू यादव एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद थे।