संसार में समस्त कार्य समय आने पर पूर्ण होते हैं : राजऋषि बजरंग शरण महाराज

एसएएफ परिसर स्थित निरंजना देवी मन्दिर पर श्रीराम कथा आयोजित

भिण्ड, 21 अगस्त। 17वी बटालियन एसएएफ परिसर में स्थित मां निरंजना देवी मन्दिर पर श्रीराम कथा का चरणामृत पान कराते हुए बंथरी बालाजी धाम मिहोना से पधारे प्रसिद्ध संत राजऋषि श्री बजरंग शरण महाराज ने कहा कि संसार में समस्त कार्य समय आने पर ही पूर्ण होते हैं, हमें समय का इंतजार करना चाहिए। राजर्षि विश्वामित्र ने धनुष भंग के दौरान जब शुभ मुहूर्त देखा तो श्रीराम जी को उन्होंने धनुष उठाने की आज्ञा दी। रामचरित मानस में बाबा तुलसीदास ने चौपाई में कहा है- उठाउ राम भनजउ भव चापा। मेटाउ तात जनक पर तापा।।


उन्होंने कहा कि मनुष्य बली नहीं होत है, समय होत बलवान, भीलन लूटी गोपिका वही अर्जुन वही बाण। महाराज जी ने अपनी वाणी से सभी उपस्थित श्रोताओं को भाव विभोर किया एवं श्रीराम चरित मानस की विभिन्न प्रसंगों का बड़ी ही सुंदर एवं अद्भुत तरीके से वर्णन किया। कार्यक्रम को बाल संत श्री अभिराम दास महाराज ने भी संबोधित किया। उन्होंने भी रामकथा के माध्यम से सभी को भाव विभोर कर दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन मानस मर्मज्ञ श्री दिनेश सिंह भदौरिया ने किया। अंत में रामायण की आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया।