संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए आगे आएं : अशोक तिवारी

शैलेन्द्र शैली स्मृति में व्याख्यान का आयोजन

भिण्ड, 04 अगस्त। मप्र के प्रसिद्ध वामपंथी नेता शैलेन्द्र शैली की स्मृति में व्याख्यान का आयोजन किया गया। जिसका विषय- ‘आजादी के 75 साल, अब तक की डगर और आगे का सफर’ रखा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वीरेन्द्र कुशवाहा ने की।
व्याख्यान में पार्टी के राज्य सचिव मण्डल सदस्य अशोक तिवारी ने संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में आजादी को बचाने का संघर्ष प्रमुख है। शासक वर्ग का हमला लोकतंत्र और संविधान पर है, हमें इसे बचाने के लिए हर हाल में आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि जो आजादी की 75वी वर्षगाठ ‘अमृत महोत्सव’ मना रहे हैं। उनका आजादी की लड़ाई में किसी तरह का कोई योगदान नहीं है। इसे हमें आम जनता को समझाना होगा और देश को बचाने के लिए आगे आना होगा। यही सबसे बड़ी चुनौती है। व्याख्यान कार्यक्रम को वामपंथी नेता ओपी बाथम, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम नारायण माहौर, रशीद खान, युवा नेता भूपेन्द्र गुर्जर, किसान नेता राजेन्द्र सिंह कुशवाह, जमस की नेत्री शोभा माहौर आदि ने संबोधित किया।