रुपए मांगने पर दबंगों ने टोल प्लाजा पर की फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

भिण्ड, 27 जुलाई। भिण्ड-ग्वालियर नेशनल हाईवे 719 पर स्थित बरेठा टोल प्लाजा पर सुबह नौ बजे के लगभग चार पहिया वाहन पर सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग में टोल कर्मचारी बाल बाल बचे। मौके पर पहुंची महाराजपुरा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक बरेठा टोल प्लाजा पर चार पहिया वाहन सवार चार युवक टोल प्लाजा को क्रॉस कर रहे थे, टोल कर्मचारियों ने जब पैसे मांगे तो विवाद होने लगा। विवाद होने पर युवकों ने वाहन से बंदूकें निकाल कर के टोल कर्मचारियों पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में चली एक गोली टोल के पीछे बने एक मकान में जाकर लगी, जो मकान की दीवार को तोड़कर आर पार हो गई, घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। भिण्ड के रहने वाले नीरू नामक युवक और उसके साथियों पर फायरिंग करने का आरोप है।