रंगदारी के चलते गोली लगने से एक की मौत, चार अन्य घायल

मृतक एवं घायल एक ही परिवार के सदस्य हैं, मामूली विवाद पर शुरू हुआ था झगड़ा

भिण्ड, 25 मार्च। शुक्रवार को दिन दहाड़े मेहगांव के मुख्य सदर बाजार में एक परिवार के लोगों पर रंगदारी की चलते जानलेवा हमला किया गया। जिसमें एक ही परिवार के पिता की मौत एवं अन्य तीन भाई गोली लगने से घायल हो गए। वहीं हमलावरों ने पूर्व योजना के साथ हमला किया। और तेजाब की बोतलें भी घर मे फेंकी जिसमे तेजाब से एक युवक झुलस गया। घायलों को पुलिस की मदद से मेहगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया है।
घटना गुरुवार-शुक्रवार की देर शाम मामूली विवाद पर शुरू हुई थी। जिसमें ओमप्रकाश गोस्वामी एवं राधेश्याम उर्फ बाबूजी सोनी के बीच सड़क पर आइसक्रीम का ठेला लगाने के पीछे विवाद शुरू हुआ। जहां दूसरे पक्ष ने गली गलौच की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद ओमप्रकाश गोस्वामी देर रात पुलिस के पास फरियाद लेकर गए, परंतु पुलिस द्वारा शिकायत दर्ज न किए जाने के बाद शुक्रवार की सुबह विवाद बढ़ गया। फरियादी के ठीक सामने आरोपियों का घर है। जिसमें आरोपी राधेश्याम उर्फ बाबूजी सोनी, गोविन्द सोनी, गोपाल सोनी, राकेश सोनी, अर्जुन सोनी, मुकेश सोनी, चित्रा गुर्जर, भूरे गुर्जर ने गोस्वामी के घर पर जानलेवा हमला किया। जिसमें ओमप्रकाश पुत्र नाथूराम गोस्वामी उम्र 50 वर्ष की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गोली लगने से घायल पवन पुत्र सुरेश गोस्वामी उम्र 30 वर्ष, बीरू पुत्र सुरेश गोस्वामी उम्र 28 वर्ष, रवि पुत्र सुरेश गोस्वामी उम्र 25 वर्ष गोली लगने से घायल हुए हैं। वहीं सूरज पुत्र सुरेश गोस्वामी उम्र 21 साल को तेजाब से झुलसाया गया है। सभी घायलों को ग्वालियर के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।