दो दोस्तों ने दो बहनों को प्रेम प्रसंग में फंसाया, पहुंची अहमदाबाद

परिजन भी पीछे-पीछे पहुंचे गुजरात, एफआईआर के लिए पुलिस ने 9 दिन तक घुमाया

भिण्ड, 16 फरवरी। दो दोस्तों ने मिलकर मेहगांव क्षेत्र के देवरी गांव की दसवीं की दो छात्राओं को पहले प्रेम प्रसंग में फंसाया फिर उन्हें बहला-फुसलाकर भिंड से उदयपुर भेजा। जहां से इन दोनों लड़कियां को अहमदाबाद ले जाया गया। यह दोनों लड़कियां रिश्ते में चचेरी बहनें हैं। यह घटना 7 फरवरी की है। मेहगांव पुलिस घटना के बाद एफआईआर दर्ज कराने के लिए पीडि़त परिवार घूमाती रही। फरियादी ने जब एएसपी से गुहार लगाई तब आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो सकी।
दसवीं की छात्रा बीते 7 फरवरी को गांव से मेहगांव कोचिंग पढऩे के लिए आई। इन दोनों लड़कियों का प्रेम प्रसंग सूरजपुरा में रहने वाले रवि लोधी पुत्र श्रीकृष्ण लोधी और उसके दोस्त विकास लोधी से एक साल से चल रहा था। दोनों युवकों ने नाबालिग लड़कियों को प्रेम प्रसंग में फंसाकर शादी का झांसा देकर घर से भागकर अहमदाबाद ले जाने का प्लान बनाया। प्लान के मुताबिक दोनों बहनों को बस में बैठाने के लिए अन्य नाम से दो टिकट रवि ने बुक कराए। दोनों बहनों को एसकेटी बस में बैठाया गया।
आरापियों के प्लान के मुताबिक इन दोनों बहनों को उदयपुर उतरना था। यहां से दोनों बहनों को अहमदाबाद दूसरा दोस्त विकास लोधी जो कि अहमदाबाद में रहकर कलर का काम करता ले जाता। रवि के प्लान के मुताबिक दो से तीन दिन बाद वो भी अहमदाबाद आता, जिससे पुलिस व परिजनों को उस पर कोई शक नहीं होता। जब दोनों बहनें घर नहीं पहुंची तो परिवार के लोग हरकत में आए। उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शक के आधार पर रवि लोधी को सूरजपुर गांव से उठाया। पुलिस के सामने युवक ने पूरे प्लान को उजागर कर दिया। इधर दोनों लड़कियां उदयपुर से अहमदाबाद पहुंच गई। 8 फरवरी को सुबह छह बजे परिवार के सदस्य व पुलिस पार्टी अहमदाबाद पहुंची और 9 फरवरी को दोनों लड़कियां को वापस मेहगांव लेकर आए। इसके बाद भी पुलिस आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज नहीं कर रही थी।

नौ दिन बाद दर्ज हुई एफआईआर

मेहगांव पुलिस दोनों नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज नहीं कर रही थी। इसके बाद पीडि़त परिवार पुलिस मुख्यालय पहुंचा। यहां दोनों आरोपियों के खिलाफ एएसपी कमलेश कुमार खरपुसे से शिकायत की। इसके बाद मेहगांव थाना पुलिस ने नौ दिन बाद फरियाद दर्ज की।