संगठात्मक दृष्टि से कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में दिग्विजय सिंह सर्वश्रेष्ठ नेता : डॉ. भारद्वाज

दिग्विजय के अध्यक्ष बनने से कांग्रेस को होगा बड़ा फायदा, उत्तर भारत में पकड़ होगी मजबूत

भिण्ड, 23 सितम्बर। उत्तर भारत में कांग्रेस को अगर अपनी जड़े मजबूत करनी है, तो मप्र के दो बार मुख्यमंत्री रहे और संगठन से निकले नेता दिग्विजय सिंह ही एक मात्र ऐसे नेता है जो संगठात्मक दृष्टि से सर्वश्रेष्ठ साबित होंगे। यह बात प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कांग्रेस जिला प्रवक्ता डॉ.अनिल भारद्वाज ने कही।
उन्होंने कहा कि मप्र समेत कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हंै, दिग्विजय सिंह जी इस क्षेत्र में अच्छी पकड़ रखते हंै और उनके बड़े से लेकर जमीनी स्तर तक छोटे कार्यकर्ताओं से आत्मीय संबध हैं, जिसका पार्टी को पूरा लाभ मिलेगा। पार्टी कार्यकर्ताओं की पहली पसंद देश के भविष्य राहुल गांधी ही है लेकिन यदि वो अध्यक्ष बनने के लिए तैयार नहीं हैं तो संगठन के लिए दिग्विजय सिंह ही उनका मजबूत विकल्प के रूप में दिखाई देते हैं, जो हर मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरते हैं और उन्हें टक्कर दे सकते हैं।
डॉ. भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस को अपनी जड़ आगामी चुनावों के लिए उत्तर भारत में मजबूत करनी है तो उसके लिए हिन्दी भाषी नेता अहम हो सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह खुद मप्र से आते हैं और यूपी, बिहार, झारखण्ड, राजस्थान समेत हिन्दी भाषी राज्यों में दबदवा है, इसलिए दिग्विजय के अध्यक्ष बनने से कांग्रेस को काफी फायदा होगा।