आने वाले चुनाव में भाजपा को बहार का रास्ता दिखाएंगे : अमित प्रताप

कांग्रेस की सरकार बनते ही भ्रष्टाचार खत्म करेंगे : अनिरुद्ध प्रताप
लहार कांग्रेस कमेटी की तिरंगा सम्मान यात्रा आयोजित

भिण्ड, 16 अगस्त। मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ के निर्देशन में एवं मप्र विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह के मार्गदर्शन में शनिवार को लहार कांग्रेस कमेटी द्वारा 25 किमी की तिरंगा सम्मान यात्रा की शुरुआत की गई थी। जिसका समापन रविवार को कांग्रेस के बैनर तले दबोह के झण्डा चौक पर किया गया। जहां यह यात्रा एक जनसभा में परिवर्तित हो गई। मंच संचालन दबोह नप उपाध्यक्ष हाकिम चौधरी ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मानसिंह कुशवाह ने की एवं कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में मप्र कांग्रेस कमेटी के महामंत्री खिजर मोहम्मद कुरैशी व विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राधेश्याम शर्मा मौजूद रहे।
समापन समारोह के अवसर पर कांग्रेस के युवा नेता मप्र-छत्तीसगढ़ इफको के डायरेक्टर अमित प्रताप सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सबको अपने हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर क्यों उतरना पड़ा, यह एक प्रश्न है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने भगवा झण्डे के साथ सत्ता में आ कर देश को बेचने का कुचक्र चलाया था, आज वही लोग तिरंगे को आड़ में लेकर जनता को वास्तविक मुद्दों से भटका कर देश को बेचना चाहते हैं। यही कारण है कि आज आप और हमे तिरंगे को अपने हाथों में थाम कर सड़कों पर उतारना पड़ा है। भाजपा को आज तिरंगे की याद आई है, जबकि कांग्रेस तो सदा तिरंगे के साथ चली है। भाजपा के नेता हम सबको कौम की लड़ाई लड़ाकर एक दूसरे से अलग कर फूट डालकर राज करने में लगे हुए हैं। यह लोग पूर्ण रूप से आज देश में अंग्रेजों के एजेंटो के रूप कार्य कर रहे हैं, इसीलिए आप सभी को 2023-24 में होने वाले विधानसभा एवं लोकसभा के चुनाव में कांग्रेस का साथ देकर इन भाजपा रूपी अंग्रेजों के एजेंटो को देश व प्रदेश से भगाकर भ्रष्टाचार को खत्म करना है।


युवक कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने कहा कि आज आप सबने हम सबके साथ आकर तिरंगे की सम्मान यात्रा को सफल बनाने में हमारा जो सहयोग किया है, उसके लिए हम आपको बहुत-बहुत धन्यवाद देते हैं। इसी प्रकार आप सभी को भाजपा की जनविरोधी नीतियों को याद रखते हुए आने वाले विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव में कांग्रेस विजय प्रदान करनी है, जिससे भाजपा द्वारा फैलाए जा रहे भ्रष्टाचार को खत्म किया जा सके। वैसे तो मोदी कहते हैं कि मैं भारत को कांग्रेस मुक्त कर दूंगा, जो उनके लिए कभी भी संभव नहीं है। क्योंकि मोदी तो मुक्त करने की कहते हैं, परंतु हमारे नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने अभी हाल ही में नगर परिषद एवं जनपद पंचायत के चुनावों में लहार विधानसभा को भाजपा मुक्त कर दिया है और जल्द ही वो चंबल संभाग को भी भाजपा मुक्त कर देंगे और भाजपा के नेता मुंह तांकते रह जाएंगे।
इस अवसर पर मप्र कांग्रेस कमेटी के महासचिव खिजर मोहम्मद कुरैशी, जिला कांग्रेसी कमेटी के अध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा, ब्लॉक काग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजकुमार शर्मा उर्फ राजू मोलया, लहार जनपद अध्यक्ष मोंटी राजावत, लहार जनपद उपाध्यक्ष रामेश्वर दयाल कौरव, लहार नप उपाध्यक्ष नरेश सिंह चौहान, दबोह नप अध्यक्ष बिमला नरेन्द्र दुधारिया, आलमपुर नप अध्यक्ष मेहताब कौरव, कांग्रेस प्रदेश महामंत्री शिवनारायण दुबे बल्लू बकील, किसान कांग्रेस उपाध्यक्ष संजय गुर्जर आदि लोगों ने सभा को संबोधित कर आभार व्यक्त किया। इस बीच नगर में जगह-जगह तिरंगा सम्मान यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।