तिरंगा हमारा गौरव एवं इच्छाओं व आकांक्षाओं का प्रतीक : नाथूसिंह

राष्ट्रीय प्रतीक तिरंगे को हर घर पर फहराने का जिलाध्यक्ष ने दिलाया संकल्प

भिण्ड, 14 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी द्वारा हर घर तिरंगा फहराने के लिए जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर एवं ग्रामीण स्तर में रैली, बाइक रैली, सभा के माध्यम से हर घर तिरंगा फहराने का संकल्प लिया गया।
जानकारी देते हुए जिला मीडिया प्रभारी रमाकांत पटसारिया ने बताया कि आज नगर भिण्ड में जिलाध्यक्ष नाथूसिंह गुर्जर, जिला महामंत्री धीरसिंह भदौरिया, पूर्व जिलाध्यक्ष रविसेन जैन, अवधेश सिंह कुशवाह ने पैदल रैली में शामिल होकर हर घर तिरंगा फहराने का लोगों से आग्रह किया एवं संकल्प भी दिलवाया। सभी ने उत्साह, उमंग के साथ रैली में भाग लिया। रैली में गौरव गान गाते हुए, भारत माता की जयकारों के साथ नगर गुंजायमान हुआ। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर हर घर तिरंगा आयोजन में लोग बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं और देश में आजादी के 75वी वर्षगांठ पर देश भक्ति के रंग में लोग रंग रहे हैं।
तिरंगा यात्रा महारैली के समापन पर जिलाध्यक्ष नाथूसिंह गुर्जर ने कहा कि राष्ट्रीय तिरंगा हमारा गौरव एवं इच्छाओं व आकांक्षाओं का प्रतीक है, इसी तिरंगे को लेकर हमारे स्वतंत्रता सेनानी एवं वीर शहीद अंग्रेजों से भिड़ गए थे। कार्यक्रम में आस-पास के लोगों को 15 अगस्त तक घरों पर तिरंगा लगाने के लिए संकल्प दिलाया एवं कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय भावना व देशभक्ति को उजागर करता है, हम सब भारतीयों के हृदय में देशभक्ति है, इस देशभक्ति को हमें राष्ट्रीय ध्वज लाकर इस राष्ट्रीय पर्व को महापर्व बनाना है।