लहार में निकली राम बारात, जगह-जगह हुआ स्वागत

भिण्ड, 22 सितम्बर। लहार नगर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खेड़ापति हनुमान सरकार के प्रांगण में चल रही रामलीला मंचन के दौरान श्रीराम के धनुष तोड़ने के बाद रविवार को राम बारात धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ निकाली गई।
राम बारात में युवकों से सजी झांकी आर्कषण का केन्द्र रही। जिसका धर्म प्रेमी बंधुओं ने नगर पुष्प वर्षा एवं रोरी तिलक कर भव्य स्वागत किया। शनिवार की रात रामलीला मंचन में राम के धनुष तोड़ने के बाद सीता ने राम को वरमाला पहनाई। जिसको देख दर्शकों ने मर्यादा पुरुषोतम भगवान राम के जयकारे लगाना शुरू कर दिये। राम जानकी विवाह का मंचन देख दर्शक मंत्र मुग्ध हो गए।
इसके बाद रविवार को रामलीला कमेटी के उपाध्यक्ष सुभाष अग्निहोत्री एवं कोषाध्यक्ष संजीव चौधरी के तत्वावधान में भगवान राम की बारात धूमधाम से निकाली गई। बारात में भगवान भोलेनाथ एवं भरत, शत्रुघ्न आदि की झांकियां शामिल रहीं। बारात रामलीला मैदान से शुरू होकर पुराना बाजार होते हुए नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए पचपेड़ा तिराहा पर पहुंची। जहां से नगर पालिका के बगल में गली से होते हुए शैलेन्द्र चौधरी निवास पर पहुंची और स्वागत किया गया। नगर वासियों में राजीव बंसल द्वारा लोहिया चौक पर, अजय शिवहरे द्वारा मां मंगला देवी के सामने एवं लहार विधायक अम्बरीश शर्मा के निवास पर उनके प्रतिनिधि के रूप में अंगद शुक्ला तथा उनकी टीम द्वारा भव्य स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में दिलीप दुबे, विवेक पांडेय, पिंकू शुक्ला, छोटू शुक्ला, अन्नू त्रिपाठी निवास पर उनकी सुपुत्री वैष्णवी त्रिपाठी, भोलू सिंह ठाकुर, मनु उपाध्याय, शशांक अग्निहोत्री आदि शामिल रहे।