भिण्ड, 20 सितम्बर। आयुक्त उच्च शिक्षा विभाग भोपाल के आदेशानुसार सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत 2 अक्टूबर तक होने वाले कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शा. एमजेएस महाविद्यालय भिण्ड द्वारा गोदग्राम मानपुरा में शनिवार को महाविद्यालय के भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के सहसंयोजक प्रो. आकाश तोमर तथा डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह ने एकीकृत शामावि मानपुरा में उपस्थित छात्र एवं छात्राओं और अध्यापकों को सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करने हेतु व्याख्यान दिए।
भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के सहसंयोजक तथा इतिहास के प्रो. आकाश तोमर ने बताया कि सामाजिक कुरीतियों के कारण ही समाज व देश में पिछड़ापन व्याप्त है और इसे दूर करने के लिए या आवश्यक है कि लोगों में सामाजिक जागरुकता और शिक्षा के महत्व को समझा और अपनाया जाए, तभी सामाजिक कुरीतियों जैसे की जातिवाद, दहेज प्रथा, ऊच नीच जैसी सोच को दूर किया जा सकता है। बढ़ती हुई सामाजिक कुरीतियों के कारण ही आज व्यक्ति एक दूसरे के प्रति बैर भाव रखता है, उसे नीचे दिखाने का प्रयास करता है तथा नारियों के प्रति भेदभाव करता है। सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए जरूरी है कि सरकारी स्तर पर किए जाने वाले प्रयासों के साथ-साथ निजी स्तर पर भी सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के उपाय किए जाएं, जिसके तहत सर्वप्रथम कन्या जन्म पर खुशी मनाई जाए एवं कन्याओं को भी पुत्रों के समान समाज व परिवार में समान महत्व प्राप्त हो, तभी हम दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों को दूर कर सकेंगे। भारत में बढ़ते हुए लैंगिक असमानता का कारण लोगों में सामाजिक जागरूकता की कमी है और इसे दूर करने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ-साथ गैर सरकारी संगठनों द्वारा भी सतत प्रयास किए जाने चाहिए, तभी सामाजिक कुरीतियों को जड़ से उखाड़ जा सकेगा। समाज में बढ़ती हुई सामाजिक कुरीतियों को रोकने के लिए जरूरी है कि सादा जीवन उच्च विचार के आदर्श को अपनाया जाए और शादियों में किए जाने वाले अनाप-शनाप खर्च की जगह आदर्श विवाह के मानदण्ड को स्थापित किया जाए। सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम हेतु गोदग्राम मानपूरा में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया तथा लोगों के साथ इस संबंध में विचार विमर्श किया गया।