रक्षाबंधन एक अटूट और पवित्र बंधन का पर्व है: प्रो. अली

 महिला संस्कृति शाखा ने निराश्रित तो भवन में मनाया रक्षाबंधन का पर्व

भिण्ड, 09 अगस्त। रक्षाबंधन एक अटूट और पवित्र बंधन का पर्व है यह भाई-बहन के प्रेम, सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक है, भारत में मनाए जाने वाला एक महत्वपूर्ण त्यौहार है| यह बात हम फाउण्डेशन के प्रदेश अध्यक्ष प्रोफेसर इकबाल अली ने महिला संस्कृति शाखा द्वारा आयोजित निराश्रित भवन में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहीं। इस अवसर पर हम फाउण्डेशन के प्रांतीय वित्त महामंत्री शैलेष सक्सेना, जिला अध्यक्ष विपुल सेठ, संस्कृति शाखा की अध्यक्ष डॉ. सुमित्रा भदौरिया, सचिव डॉ. संगीता अग्रवाल, कोषाध्यक्ष समीक्षा सक्सेना, रुचि नरवरिया, ईशा सेठ, अंजली शर्मा आदि उपस्थित थी।
प्रो. अली ने कहा कि रक्षाबंधन एक पारिवारिक त्यौहार है जो सभी सदस्यों को एक साथ लाता है और एक दूसरे के साथ खुशियां बांटता है।
इस क्रम में महिला शाखा की अध्यक्ष डॉ. सुमित्रा भदौरिया ने कहा कि बहने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधती है, जो एक पवित्र धागा होता है| उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का त्योहार केवल भाई बहन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि अन्य रिश्ते जैसे कि गुरू-शिष्य, दोस्तों के बीच मनाया जाता है। प्रांतीय वित्त महामंत्री शैलेश सक्सेना ने कहा कि रक्षाबंधन का त्यौहार सदियों से मनाया जा रहा है और इसका एक गहरा सांस्कृतिक महत्व है, यह भारतीय संस्कृति और परंपराओं का एक अभिन्न अंग है। केशवानंद शाखा के अध्यक्ष संतोष सिंह नरवरिया ने कहा कि हम फाउण्डेशन सामाजिक संगठन प्रत्येक वर्ष रक्षाबंधन का पर्व मनता आ रहा है, कोई भी त्यौहार हो हम सभी सदस्य ऐसे परिवारों के बीच सारे त्यौहार मनाते हैं जिनका कोई नहीं होता है|

कार्यक्रम के अंत में संस्कृति शाखा की महिला सदस्यों ने निराश्रित भवन में उपस्थित सभी वृद्धजनों को राखी बांधी और सिटी शाखा के सदस्य शकील सिद्दीकी द्वारा उपहार में पानी की बोतल एवं मिठाइयां दी गईं। इस अवसर पर विवेकानंद शाखा के अध्यक्ष योगेश शर्मा, सचिव अजीत उपाध्याय, सचिव शिवम श्रीवास्तव, गिरवर सिंह भदौरिया, बड़े यादव, कनक सक्सेना, स्पर्श सक्सेना, पीहू सेठ आदि उपस्थित थे।