भिण्ड, 08 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय एवं प्रदेश में नेतृत्व के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान को लेकर असवार मण्डल की बैठक नगर के बस स्टैण्ड स्थित मण्डल अध्यक्ष अनूप त्यागी के माधव पैलेस पर आयोजित की गई। जिसमें मुख्य वक्ता पूर्व मण्डल अध्यक्ष कप्तान सिंह कौरव एवं मुख्यअतिथि के रूप में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रोमेश महंत, मण्डल संयोजक धर्मेन्द्र यादव, सह संयोजक अविनाश त्यागी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता मण्डल अध्यक्ष अनूप त्यागी ने की। प्रारंभ में अतिथियों और सभी कार्यकर्ताओं ने पार्टी के संस्थापक सदस्य पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनको नमन किया।
मण्डल अध्यक्ष अनूप त्यागी ने स्वागत भाषण में हर घर तिरंगा घर-घर तिरंगा एवं तिरंगा यात्रा अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं को विस्तार से जानकारी दी और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हमें इस अभियान में बढ-चढकर भाग लेना है। मुख्य वक्ता पूर्व मण्डल अध्यक्ष कप्तान सिंह कौरव ने कहा कि घर-घर तिरंगा अभियान एवं मण्डल की तिरंगा यात्रा की सफलता के लिए हम सब कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर आम लोगों को जागृत करना होगा, अगर ऐसा हुआ तो हमारी तिरंगा यात्रा ऐतिहासिक होगी। तिरंगा यात्रा के माध्यम से हमें लोगों में राष्ट्र प्रेम की भावना जागृत करना है, हमारी पार्टी का यही उद्देश्य है।
बैठक का संचालन मंडल महामंत्री धर्मेन्द्र सिंह जादौन ने और आभार राजेश नागल ने व्यक्त किया। बैठक में रमेश यादव, पूर्व सरपंच रमेश कुशवाहा, ऋषिकांत सरपंच, भूपेन्द्र सिंह तोमर, अनिल यादव, कमलेश यादव, रामअवतार परिहार, अटल नारायण उपाध्याय, रुस्तम पटेल, अटल बिहारी त्यागी, लालू त्यागी, विद्यावान, अयोध्या सिंह चौहान आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।