भिण्ड, 30 जुलाई। मप्र जन अभियान परिषद द्वारा पर्यावरण संरक्षण की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से विकास खण्ड मेहगांव में सेक्टर क्र.4 के ग्राम गहेली में नवांकुर सखी-हरियाली यात्रा कार्यक्रम का आयोजन शा. हाईस्कूल में किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य सुनील ओझा, बृजेश त्यागी एवं परिषद के ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा एवं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने भारत माता, मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया।
ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक विकास खण्ड में हरियाली महोत्सव कार्यक्रम मनाया जा रहा है। सरकार ने प्रदेश को हरा भरा बनाने के लिए नवांकुर सखियों को यह कार्य सौंपा है, प्रत्येक सेक्टर में सौ-सौ नवांकुर सखियों को चिन्हित किया गया है। मातृशक्ति सभी कार्यों को पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करती है। पर्यावरण संरक्षण में नवांकुर सखियां अपने घरों में पौधे तैयार करें और उन्हें बच्चों के जन्मदिन या वैवाहिक वर्षगांठ, पुण्य तिथि पर लगाएं। इसका उद्देश्य महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण के रूप में प्रेरित करना और उन्हें प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व का एहसास कराना है।
बतौर मुख्य अतिथि प्राचार्य सुनील ओझा ने कहा कि जिस प्रकार मां अपने बच्चों का लालन पालन करती हंै, इसी संवेदना से महिलाएं भी इन पौधों का संरक्षण करेंगी, माता, बहनें जब कोई संकल्प लेती हैं। तो उसे हर हाल में पूर्ण करती हैं यह जिम्मेदारी नवांकुर सखियों को स्वच्छता के आधार पर दी जा रही है, जो एक नवीन पहल है। उन्होंने कहा कि मातृत्व की संवेदनशीलता और संरक्षण की भावना महिलाओं में कहीं अधिक होती है, इसी वजह से महिला पर्यावरण संरक्षण को संवारने में बडी भूमिका निभा सकती है। नवांकुर सखियों को उनके इस प्रयास के लिए पर्यावरण संरक्षण में उनके योगदान की सराहना की। नवांकुर सखियों को पौधारोपण हेतु पौधे वितरित किए गए। महिलाओं ने हरियाली का संदेश देने के लिए कलश यात्रा निकालकर लोगों को पेड लगाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में ग्रामवासियों, महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।