श्रावण के दूसरे सोमवार को शिव मन्दिरों में रही भीड

– शहर के वनखण्डेश्वर एवं बौरेश्वर मन्दिर में पहुंचे सर्वाधिक श्रद्धालु

भिण्ड, 21 जुलाई। जिले में श्रावण मास के दूसरे सोमवार को प्रमुख शिवालयों में शिवभक्तों की भारी भीड उमडी। तडके सुबह से लेकर शाम तक श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए महिलाएं, युवतियां, बुजुर्ग और बच्चे भी शिव मंदिरों में पहुंचे। शहर और ग्रामीण इलाकों के सभी प्रमुख मन्दिरों में पूजन, अनुष्ठान किया गया।

शहर के प्राचीन वनखण्डेश्वर महादेव मन्दिर में अलसुबह से ही भगवान शिव के दर्शनों के लिए भीड उमडने लगी। वनखण्डेश्वर मन्दिर प्रबंधन के अनुसार सोमवार को दिन भर में करीब 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं द्वारा भोलेनाथ के दर्शन किए गए। उधर अटेर जनपद के बौरेश्वर महादेव मन्दिर में भी श्रद्धालुओं की अपार भीड देखने को मिली। जहां दिन भर में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं द्वारा दर्शन किए जाने का अनुमान है। इसके अलावा शहर के महाकालेश्वर, कुण्डेश्वर महादेव, अद्र्ध नारेश्वर, पिपल्लेश्वर सहित सभी शिव मन्दिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। इसी प्रकार जिलेभर के कस्बाई इलाकों में भी शिवालयों में श्रद्धालुओं ने शिव दर्शन कर अभिषेक किया। शिवालयों में ओम नम: शिवाय के जप और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया।
अखण्ड पाठ और सुंदरकाण्ड
शहर के कई शिव मन्दिरों में श्रावण के पहले सोमवार से ही अखण्ड रामायण पाठ चल रहा है। साथ ही सुबह-शाम संगीतमय सुंदरकाण्ड पाठ में भी श्रद्धालु हिस्सा ले रहे हैं। वन खण्डेश्वर शिवलिंग का हर दिन विशेष श्रृंगार किया जा रहा है।
मान्यताओं के अनुसार मिलते हैं फल
शिव मन्दिरों में दूध, घी, शहद और गंगाजल से भोलेनाथ का अभिषेक किया गया। मान्यता के अनुसार सावन के सोमवार को शिव का अभिषेक करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है।