देवी अहिल्याबाई का सुशासन सभी के लिए अनुकरणीय है : कौरव

भिण्ड, 22 मई। शासकीय महाविद्यालय आलमपुर में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की जन्म त्रि-शताब्दी वर्ष समारोह के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसके मुख्य अतिथि कल शा. महाविद्यालय जभागीदारी समिति अध्यक्ष कल्याण सिंह कौरव थे। अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता नवल किशोर मिश्रा ने की। अतिथियों एवं प्राचार्य ने महाविद्यालय परिसर में स्थित देवी अहिल्याबाई होल्कर की मूर्ति पर पूजा अर्चना एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान शा. महाविद्यालय जनभागीदारी समिति अध्यक्ष कल्याण सिंह कौरव ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर का यह नगर ऋणी है। उन्होंने हमारे नगर में प्रसिद्ध ऐतिहासिक छत्री के साथ मंदिर, कुओं, बावडियों का निर्माण कराया। उनका सुशासन पूरे देश के लिए अनुकरणीय है। नवल किशोर मिश्रा ने कहा कि अहिल्याबाई राजमाता से लोकमाता के पद पर प्रतिष्ठित हुईं। उन्होंने हरिद्वार, काशी, महेश्वर के साथ पूरे देश में घाट बनवाए, मन्दिरों का जीर्णोद्धार कराया। गरीबों के लिए धर्मशालाएं बनवाई। आलमपुर होल्कर स्टेट की तहसील थी और महिदपुर जिला था।
प्राचार्य डॉ. भगवान सिंह निरंजन ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर की जन्म त्रिशताब्दी के अवसर पर हमें उनका सुशासन, लोक हितैषी कार्य, सामाजिक एवं धार्मिक कार्य विद्यार्थियों तक पहुंचाना है। आगे आने वाली पीढी को बताना होगा कि विषम परिस्थितियों में भी उन्होंने कैसे राज्य को सुदृढ और समृद्ध किया। उनके कार्य हम सबके लिए अनुकरणीय हैं। इस अवसर पर पूर्व जनभागीदारी समिति अध्यक्ष भुवनेश पुरोहित, भाजपा मण्डल अध्यक्ष धीरज सिंह पटेल, रविन्द्र तिवारी, हरिमोहन त्रिवेदी सहित कई गणमान्य नागरिक, महाविद्यालय स्टाफ एवं बडी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थित अतिथियों को प्राचार्य द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम का संचालन लाखन सिंह कौरव ने एवं आभार डॉ. अब्दुल इशाक शेख ने व्यक्त किया।