गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर ग्राम चौपाल आयोजित

भिण्ड, 06 नवम्बर। लहार क्षेत्र के ग्राम रूरई में माँ सिंह वाहिनी माता मन्दिर पर शनिवार को ग्राम के युवाओं द्वारा ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। जिसमें गौ रक्षा संगठन संस्थापक राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित संतोष चौहान ने ग्रामीणों को गौ रक्षा एवं गौ सेवा के लिए जागरूक करते हुए कहा कि गौ माता की दुर्दशा का स्थाई समाधान गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने से ही होगा। हाईकोर्ट खण्डपीठ इलाहाबाद के निर्देशों को सरकार अमल में लाए, विधेयक पारित करके गाय माता को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए।
चौपाल में उपस्थित माँ सिंह वाहिनी सेवा समिति के युवाओं ने नारेबाजी करते हुए गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाई, यथासंभव गौ रक्षा, गौ सेवा, पर्यावरण संरक्षण का भी युवाओं ने संकल्प लिया। उन्होंने कहा धर्म संस्कृति को बचाना है, तो गौ माता को बचाना अत्यंत आवश्यक है। गौ माता धर्म संस्कृति का मूल आधार है। सरकार को समाज के जागरूक जिम्मेदारों को विभिन्न धर्म संस्थानों के प्रचारकों को साधु संतों को सामाजिक संगठनों को एकजुट होकर गाय माता की रक्षा के लिए जमीनी स्तर पर व्यापक प्रयास करना चाहिए। गाय माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की एकजुट होकर मांग उठाना चाहिए। गाय के संरक्षण संवर्धन से ही राष्ट्र और समाज का उत्थान होगा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जल्द ही गौ रक्षा संगठन गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर राष्ट्रव्यापी जन जागरण पदयात्रा निकालकर जन आंदोलन चलाएगा।