मनकेश्वर धाम लालापुर महोत्सव-2025 में किया सम्मानित
ग्वालियर 07 अप्रैल:- वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. केशव पाण्डेय को वर्ष 2025 के ‘विन्ध्य गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। प्रयागराज जनपद के शंकरगढ में स्थित श्री मनकेश्वर धाम में गत सप्ताह आयोजित श्री मनकेश्वर धाम लालापुर महोत्सव 2025 में डॉ. पाण्डेय को यह सम्मान प्रदान किया गया। प्रयाग पीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य ओमप्रकाश नंद महाराज एवं सुप्रसिद्ध कथावाचक पं. संजय ने एक सादे कार्यक्रम में डॉ. पाण्डेय को इस सम्मान से नवाजा।
उल्लेखनीय है कि डॉ. पाण्डेय ग्वालियर में पिछले 50 वर्षों से सामाजिक सरोकार के कार्यों में नि:स्वार्थ भाव से उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। अनेकों संस्थाओं के माध्यम से वे ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ के कथ्य को चरितार्थ कर रहे हैं। समाज में उनके सेवा कार्यों के लिए ही उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया है। डॉ. केशव पाण्डेय के सेवाकार्य अब अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भी चर्चा का विषय बन गए हैं। इस अवसर पर अरविंद जैमिनी, राजेन्द्र मुदगल, मनीष शर्मा सहित स्थानीय गणमान्यजन सहित बडी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित थे।