ग्वालियर, 03 मार्च। मुरार छावनी क्षेत्र के सिविल एरिया को नगर निगम में शामिल करने की संभावनाओं पर मंथन करते हुए सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि इस प्रक्रिया में सेना के हितों की रक्षा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करना प्राथमिकता होगी। उन्होंने सोमवार को छावनी क्षेत्र के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों, जिला प्रशासन, नगर निगम और छावनी बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक कर इस विषय पर चर्चा की। मुरार छावनी में आयोजित इस बैठक में कलेक्टर रुचिका चौहान, छावनी क्षेत्र मुरार के स्टेशन कमाण्डर ब्रिगेडियर डीबी सिंह, कर्नल अमित शर्मा, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, छावनी बोर्ड के सीईओ आकाश शर्मा, अपर आयुक्त नगर निगम विजय राज और एसडीएम अशोक चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
सांसद कुशवाह ने कहा कि राज्य सरकार और रक्षा मंत्रालय स्तर पर मुरार छावनी के सिविल एरिया के नगर निगम में विलय को लेकर उनके प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि विलय के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वरोजगार योजनाओं के लिए आर्थिक सहायता, मकान निर्माण के लिए बैंक ऋण जैसी सुविधाएं सिविल क्षेत्र के नागरिकों को उपलब्ध हो सकेंगी। इसके अलावा सीवर, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार भी संभव होगा। साथ ही, भवन निर्माण की अनुमति की प्रक्रिया भी सुगम हो जाएगी।
सेना की अपेक्षाएं और प्रशासन का सहयोग
बैठक में सेना की ओर से ब्रिगेडियर डीबी सिंह ने जानकारी दी कि छावनी क्षेत्र के सिविल एरिया को नगर निगम में शामिल करने से संबंधित सेना की अपेक्षाओं को शासन को भेज दिया गया है। इस पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने आश्वस्त किया कि इस प्रक्रिया में जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग रहेगा। नगर निगम और सेना के हितों को संतुलित रखते हुए इस प्रस्ताव पर आगे कार्य किया जाएगा, ताकि नागरिकों को अधिक सुविधाएं मिल सके और सेना की जरूरतें भी सुरक्षित रहें।