दबोह उपमंडी भूमि अधिग्रहण को लेकर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने

मेरा उद्देश्य लहार विधानसभा में चुनाव नहीं बल्कि विकास करना है : अशोक चौधरी
लहार एक मात्र सहारा श्रीमंत सिंधिया हमारा : योगेन्द्र सिंह पप्पू

भिण्ड, 20 अक्टूबर। दबोह उपमण्डी में भूमि अधिग्रहण को लेकर सत्ता पक्ष एवं विपक्ष आमने सामने उतर आया है। दबोह भाजपा मण्डल ने पतारा बाग में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई गई, जिसे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। बैठक में विशिष्ट अतिथि के रूप में लहार भाजपा नेता योगेन्द्र सिंह पप्पू एवं मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक चौधरी उपस्थित रहे।
कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए अशोक चौधरी ने कहा कि मेरा मकसद लहार विधानसभा में चुनाव लडऩा नहीं बल्कि अपने क्षेत्रवासियों की सेवा करना है। भाजपा पार्टी जिस व्यक्ति को टिकट देगी मैं उसके साथ नि:स्वार्थ भाव रहकर उसे चुनाव जिताने का भरकस प्रयास करूंगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे भाजपा के लिए तन-मन से कार्य करें ताकि इस बार लहार में भाजपा का परचम फहराया जा सके। उन्होंने कहा कि जल्द ही लहार क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए एवं लहार विकास के लिए पूर्व विधायक रसाल सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अम्बरीश शर्मा उर्फ गुड्डू भैया एवं रोमेश महंत के सहयोग से सिंधिया के नेतत्व में एक सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे भाजपा नेता योगेन्द्र सिंह पप्पू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लहार में भाजपा कार्यकर्ताओं की बात अधिकारी तो छोड़ो छोटा सा कर्मचारी तक सुनने के लिए तैयार नहीं है, यहां तक पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा भी कार्यकर्ताओं को यह कहकर टाल दिया जाता है कि लहार में भाजपा प्रत्याशी के आठ दस हजार वोट आते हैं। उन्होंने कहा कि यदि अब हमें लहार विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं की स्थिति को सुधारना है।

कार्यकर्ताओं ने नेताओं को दिखाया आइना

भाजपा पार्टी के बैठक के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को भी अपनी बात रखने का मौका दिया गया। भाजपा कार्यकर्ता भगवान नायक ने यह भी बोल दिया कि यदि वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं की नहीं सुनेंगे तो हम में से कोई भी कार्यकर्ता पार्टी का काम नहीं करेगा। वहीं कई कार्यकर्ताओं ने कहा कि अब भाजपा के नेताओं को हमें विश्वास दिलाना होगा कि हम आपके साथ खड़े होकर क्षेत्र के विकास कार्यों को पूर्ण करा सकते हैं। यहां बता दें कि मण्डी भूमि अधिकरण को लेकर कांग्रेस विधायक डॉ. गोविन्द सिंह ने नौ अक्टूबर को बैठक बुलाई थी उसी के बाद आज भाजपा ने इसी प्रकरण को लेकर पतारा बाग में बैठक आयोजित की। जिसमें मण्डी अधिकरण भूमि का प्रकरण छाया रहा। कार्यक्रम का संचालन सुरेश बुधौलिया ने किया।