कांग्रेस ने प्रधानमंत्री का पुतला फूंका, एसडीएम बोले- मेरी जानकारी में नहीं

भिण्ड, 08 अक्टूबर। कांग्रेस पार्टी गोहद के कार्यकर्ताओं ने नगर के प्रमुख पान वाला चौराहा पर देश के प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर दिया। खास बात यह रही जनता को नियमों को पाठ पढ़ाने वाले प्रशासन को इसकी भनक तक न लगी शांति समिति की बैठक बुलाकर धार्मिक आयोजनों पर जनता को नियम सिखाने वाला प्रशासन, शहर की चौकसी व गस्त करने की बात कहकर अपनी पीठ को खुद ही थपथपाने वाला पुलिस प्रशासन अपने ही मुह मियां मिठू तो बनता है, मगर उसी नगर के प्रमुख बाजार चौराहा पर देश के प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर दिया जाता है और प्रशासन के मुखिया एसडीएम पुतला दहन की कोई लिखित व मौखिक सूचना न होने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं।
ज्ञात हो कि गुरुवार शाम सात बजे के आस-पास कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा नगर के प्रमुख पान वाला चौराहा पर महंगाई, किसान बिल जैसे मुद्दे को लेकर देश के प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर दिया। प्रधानमंत्री के पुतला दहन के कारण भाजपा नेताओं ने इस पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए अपनी नाराजगी व्यक्त की है।

इनका कहना है-

प्रधानमंत्री के पुतला दहन की मुझे कोई लिखित व मौखिक सूचना प्राप्त नहीं हुई। पुलिस थाने से भी ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली।
शुभम शर्मा, एसडीएम गोहद

देश के प्रधानमंत्री का पुतला दहन कांग्रेस की ओछी मानसिकता का परिचायक है। प्रधानमंत्री के गरीबो के हित में किए गए कार्यों को कांग्रेसी पचा नहीं पा रहे है। पुतला दहन की प्रशासन को जानकारी न होना प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगाता है।
विवेक जैन, अध्यक्ष भाजपा गोहद