रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर गौरी सरोवर किनारे होगा मुख्य कार्यक्रम

एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया जाएगा प्राण प्रतिष्ठा का सीधा प्रसारण
गौरी सरोवर पर प्रदर्शित होगा मोजिक आर्ट से बना राम मन्दिर

भिण्ड, 21 जनवरी। सोमवार को श्रीराम मन्दिर की प्राण प्रतिष्ठा अयोध्या में होने जा रही है। जिसको लेकर जिले में उत्सव का माहौल है। जिले का प्रमुख कार्यक्रम गौरी सरोवर के किनारे आयोजित होगा। भगवान श्रीराम मन्दिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया जाएगा।
जिला प्रशासन के सहयोग से मोजिक आर्ट से निर्मित राम मन्दिर का 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले राम मन्दिर के उद्घाटन समारोह के उपलक्ष्य में गौरी सरोवर पर प्रदर्शित किया जाएगा। यह राम मन्दिर की प्रतिकृति 84 फुट लंबी तथा 42 फुट चौडा होगा। रघुराज तिवारी के साथ टीम में शामिल बृजराज तिवारी के संयोजन में जन अभियान परिषद, किशोरी स्पोर्ट्स क्लब, नगर पालिका, महिला बाल विकास विभाग की टीम प्रतिकृति बनाने में लगी हुई है। इस हेतु लगभग 200 लोगों की टीम दिन रात मेहनत कर राम मन्दिर का निर्माण कर रही है। इस राम मन्दिर प्रतिकृति को पूर्ण किया जाकर गौरी सरोवर पर 22 जनवरी को प्रदर्शित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के सफलता के लिए जन अभियान परिषद की टीम से शिवप्रताप सिंह के साथ-साथ किशोरी पब्लिक स्कूल के बालक-बालिकाएं एवं नगर पालिका, महिला बाल विकास भी सहयोग कर रहे हैं।