स्वास्थ्य मंत्री ने भिण्ड के मरीजों को सहायता के लिए मुख्यमंत्री से किया अनुरोध

डॉ. रमेश दुबे ने स्वास्थ मंत्री से की थी आर्थिक सहायता की मांग

भिण्ड, 13 सितम्बर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्य समिति के सदस्य डॉ. रमेश दुबे ने मप्र शासन के स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी को दो अलग-अलग पत्र सौंप कर उनके माध्यम से भिण्ड के अटेर रोड निवासी थैलीसीमिया से पीडि़त मरीज 10 वर्षीय देवेन्द्र श्रीवास और पैर की असाध्य बीमारी से पीडि़त 40 वर्षीय राघवेन्द्र शर्मा पुत्र श्रीकृष्ण शर्मा को मुख्यमंत्री सहायता कोष से आर्थिक सहायता दिलाने के लिए अनुरोध किया था। जिस पर स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी ने त्वरित निर्णय लेकर दो अलग पत्रों के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को उक्त दोनों मरीजों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से इलाज हेतु आर्थिक सहायता मंजूर कर प्रदान करने का अनुरोध किया है।
ज्ञात रहे कि डॉ. रमेश दुबे ने उक्त दोनों ही मरीजों के परिजनों को विगत दिनों सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया था। वह खुद थैलीसीमिया से पीडि़त बालक के घर उसे देखने गए थे। परिवार की माली हालत को देखकर उन्होंने इलाज के लिए सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया था और स्वयं भी आर्थिक मदद की थी। इसी क्रम में 40 वर्षीय राघवेन्द्र शर्मा के पैर में खतरनाक इंफेक्शन होने से क्षत विक्षत पैर का गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में दो ऑपरेशन हो चुके हैं, लेकिन अभी उनका इलाज चल रहा है, जो काफी मंहगा है। इसलिए उनके लिए भी डॉ. रमेश दुबे द्वारा मुख्यमंत्री सहायता कोष से राशि दिलवाने का आग्रह किया गया था। इसी तारतम्य में उक्त दोनों ही मरीजों को स्वास्थ्य मंत्री ने सहायता उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है।