बूथ सशक्तिकरण के साथ मिशन 2023 के विधानसभा चुनाव में जिले की पांचों सीटों पर भाजपा का परचम फहराएं कार्यकर्ता : प्रभात झा

महाजनसंपर्क अभियान के माध्यम से केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाएं कार्यकर्ता : संध्या राय
बूथ सशक्तिकरण के कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य को पूर्ण करें : नरवरिया
भाजपा जिला इकाई की बैठक दंदरौआ धाम में संपन्न, महाजनसंपर्क अभियान को लेकर बनाई गई कार्य योजना

भिण्ड, 22 मई। भारतीय जनता पार्टी केन्द्रीय, प्रदेश नेतृत्व के निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की नौ वर्ष को पूर्ण होने पर 30 मई से 30 जून तक प्रस्तावित विशेष महाजनसंपर्क अभियान की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला इकाई की आवश्यक बैठक पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद प्रभात झा के मुख्य अतिथि में मेहगांव विधानसभा क्षेत्र के दंदरौआ धाम में आयोजित की गई।
मुख्य अतिथि प्रभात झा ने जिला स्तरीय भाजपा की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि 15 माह की कांग्रेस सरकार का नेतृत्व कर चुके कमलनाथ ने अपने चुनावी घोषणा पत्र पर एक भी जनता के साथ वादा पूरा नहीं किया। 2018 में बनाई गई थी, सरकार किसानों के कर्जे हम दो लाख के माफ करेंगे, बेरोजगारों को रोजगार भत्ता देंगे, एक भी वादा पूरा नहीं किया। अब प्रदेश में सत्ता के लिए लालायित हो रहे कमलनाथ ने नारी सम्मान योजना के माध्यम से फार्म भरवा कर झूठ बोलने का काम कर रहे हैं, जो कि 1500 रुपए एवं 500 रुपए में गैस सिलेंडर देंगे। यह घोषणाएं झूठी हैं, यह वोट कबाडऩे का षड्यंत्र रच कर तुष्टीकरण की नीति कर रहे। हमारे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की महिलाओं के लिए उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्तिकरण की मजबूती के लिए लाडली बहना योजना को प्रारंभ किया है। दतिया जिले से महिलाओं ने फार्म भरे हैं, जिसका लाभ शीघ्र ही जून में मिल जाएगा। एक हजार की राशि उनके खाते में सीधी आएगी। हमारी सरकार महिला, किसान, युवा एवं आमजन हितैषी सरकार है, जो सबके विकास के लिए सोचती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को आव्हान किया के मिशन 2023 विधानसभा चुनाव का समय है, हम सब कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह करते हुए अपने बूथ को मजबूती देते हुए भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलाने के लिए जनता के बीच पहुंचकर उनसे संवाद स्थापित करें। केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचा कर अपनी ताकत को मजबूती देते हुए भाजपा को मजबूत करें और कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे झूठ को जनता के सामने उजागर करें।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भिण्ड-दतिया सांसद संध्या राय ने कहा कि आगामी 30 मई से चलाए जा रहे महाजनसंपर्क अभियान के माध्यम से कार्यकर्ता केन्द्र सरकार की विकास जन कल्याणी योजनाओं को जनता तक पहुंचाकर उन्हें लाभ दिलाएं। कांग्रेस के पास झूठ बोलने के सिवाय कोई नीति नहीं है और झूठ की राजनीति करती है, महिलाएं समझदार हैं कि हमारी चिंता कौन सरकार कर सकती है और नारी शक्ति योजना भी महिलाओं के साथ झूठ बोल कर उनको भ्रमित कर रही है। सांसद ने कार्यकर्ताओं से कहा कि महा जनसंपर्क अभियान को अमलीजामा पहनाकर सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी बनाकर योजनाओं को जनता तक ले जाएं। विधानसभा चुनाव में समय कुछ समय ही शेष बचा है, जिले की पांचों विधानसभाओं पर भारतीय जनता पार्टी का कमल खिले, इसके लिए कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर महा जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाएं।
जिला संगठन प्रभारी एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जयप्रकाश राजौरिया ने कहा कि जिले के सभी मण्डलों के शहरी एवं ग्रामीण अंचलों में भाजपा के कार्यकर्ता पीएम नरेन्द्र मोदी की विशेष उपलब्धियों को लेकर जनता तक पहुंचेंगे और उनका प्रचार-प्रसार भी करेंगे। वहीं प्रदेश सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाओं को भी जनता के सामने रखेंगे, जिसकी तैयारियों को लेकर यह बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने बताया कि इस महाअभियान में सभी मोर्चा और प्रकोष्ठ सभी जनप्रतिनिधि, जिला एवं मण्डल इकाईयों के पदाधिकारी, स्थानीय समितियों के कार्यकर्ताओं की विशेष जिम्मेदारी है कि इस अभियान को सर्वव्यापी बनाने के लिए एकजुट होकर मां अभियान को गति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा अंतिम छोर तक के व्यक्ति का विचार करना ही लक्ष्य है, यही भाव और संकल्प लेकर कार्यकर्ता संगठन के लिए कार्य करते हुए अपने बूथ को मजबूती प्रदान करें। संगठनात्मक कार्यक्रमों को नीचे स्तर तक संपन्न कराने में अपनी अहम जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने स्वागत भाषण में कहा कि जिले के 1470 बूथों केन्द्रों पर अभियान का कार्य किया जा रहा है, जो मण्डलों में कार्य नहीं हुआ है वह निर्धारित समय में पूर्ण करते हुए भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रमों को गति प्रदान करें। जो संगठनात्मक कार्यक्रम दिए हैं इन्हें हम नीचे स्तर तक पहुंचाकर भाजपा की ताकत को मजबूती प्रदान करते हुए संगठन को गति प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों ने भारत माता और भारतीय जनसंघ के प्रेरणा स्त्रोत पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। संचालन जिला महामंत्री धीर सिंह भदौरिया एवं आभार उपाध्यक्ष सुधा राठौर ने व्यक्त किया। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक चौ. मुकेश सिंह चतुर्वेदी, प्रदेश मंत्री केशव सिंह भदौरिया, विधायक संजीव सिंह कुशवाह संजू, पूर्व विधायकगण शिवशंकर समाधिया, रसाल सिंह, नरेन्द्र सिंह कुशवाह, मप्र पाठ्य पुस्तक निगम के उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरुआ, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अवधेश सिंह कुशवाह एडवोकेट, अशोक चौधरी, नाथूसिंह गुर्जर, आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक अशोक भारद्वाज, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष केपी सिंह भदौरिया, पूर्व सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष रविसेन जैन, पूर्व निगम अध्यक्ष कोकसिंह नरवरिया मंचासीन थे।
प्रभात झा ने दंदरौआ धाम में डॉक्टर हनुमान के किए दर्शन
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद प्रभात झा ने प्रमुख धार्मिक स्थल दंदरौआ धाम पहुंचकर डॉक्टर हनुमान के दर्शन किए और महामण्डलेश्वर रामदास महाराज से आशीर्वाद ग्रहण किया। उन्होंने जनसंघ के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक शिवशंकर समाधिया, पूर्व विधायक रसाल सिंह एवं पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश सिंह कुशवाह का मंच पर माल्यार्पण कर सम्मान किया।