नगरीय व पंचायत चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिये एकजुट होकर कार्य करे : डॉ. सिंह
कांग्रेस कमेटी की जिला कार्यकर्ता बैठक आयोजित
भिण्ड, 23 अगस्त। भाजपा को घमण्ड हो गया है, वह तानाशाह सरकार है। बेरोजगार युवाओं को नौकरी के बदले डंडे मिल रहे हैं। मंहगाई चरम पर है। प्रदेश में आई बाढ़ आपदा से हजारों की संख्या में लोग बेघर हो गए है, पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सिवाय घोषणाओं के कुछ नहीं कर रहे हैं। यह बात जिला कांग्रेस कार्यालय पर जिला अध्यक्ष मानसिंह कुशवाह की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित जिला कार्यकारिणी ब्लॉक अध्यक्ष मण्डल अध्यक्ष सेक्टर अध्यक्ष पदाधिकारियों की बैठक में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष, भिण्ड जिला कांग्रेस प्रभारी पूर्व मंत्री बालेन्दु शुक्ल ने कही।
पूर्व मंत्री एव विधायक डॉ. गोविन्द सिंह ने कार्यक्रम में संगठन की एक जुटता एवं आने वाले नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव में कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन के साथ चुनाव जीतने की रणनीति पर भी चर्चा की। इसी क्रम में पूर्व मंत्री राकेश चौधरी ने पार्टी को एकजुटता से कार्य करने व नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का हमेसा साथ देने की बात कही। गोहद विधायक मेवाराम जाटव ने भी अपनी बात रखी। जिला कांग्रेस के अध्यक्ष मानसिंह कुशवाह ने कहा कि जल्द ही जिला कांग्रेस की कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा, जिससे कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा सके तथा आने वाले पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव में हम कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत कर सकें। बैठक में प्रदेश प्रवक्ता देवाशीष जरारिया, प्रदेश महामंत्री खिजर मोहम्मद कुरैशी, पूर्व अध्यक्ष जयश्रीराम बघेल, जिला प्रवक्ता डॉ. अनिल भारद्वाज ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर जिला पदाधिकारी, सभी बिंग मोर्चा के अध्यक्ष, मण्डल, ब्लाक, सेक्टर बूथ के पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दैपुरिया कांग्रेस में शामिल
मप्र न्यायिक कर्मचारी संघ के पूर्व उप प्रांताध्यक्ष विजय शर्मा दैपुरिया ने 35 साल न्यायिक सेवा करने के उपरांत सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में मप्र शासन के पूर्व मंत्री बालेन्दु शुक्ला एवं पूर्व मंत्री लहार विधायक डॉ. गोविन्द सिंह व पूर्व मंत्री राकेश चौधरी की उपस्थिति में जिला अध्यक्ष मानसिंह कुशवाह ने माल्यापर्ण कर विजय शर्मा दैपुरिया का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया और कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराई।