कलेक्टर के एजेंट बनकर भ्रष्टाचार कर रहे हैं जिपं सीईओ : डॉ. सिंह

नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने पत्रकार वार्ता में जिला प्रशासन पर लगाए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

भिण्ड, 31 अक्टूबर। मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं लहार विधायक डॉ. गोविन्द सिंह ने सोमवार को पत्रकार वार्ता के दौरान जिला प्रशासन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि जिला पंचायत सीईओ कलेक्टर के एजेंट बनकार भ्रष्टाचार करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने महिला बाल विकास, राजस्व सहित कई विभागों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि लोकायुक्त और ईओडब्ल्यू की कार्रवाईयां भ्रष्टाचार का जीता जागता सबूत हैं।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने प्रदेश सरकार के मुखिया शिवराज सिंह चौहान को आड़े हाथों लेकर कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है फिर भी शिवराज वाहवाही लूट रहे हंै। वहीं उन्होंने कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस पर भी निशाना साधते हुए जिला पंचायत सीईओ को कलेक्टर का एजेंट बताया। डॉ. सिंह ने जिले के राजस्व, जिला पंचायत, जनपद पंचायत, खनिज, महिला एवं बाल विकास विभाग, खाद्य, सामाजिक न्याय विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अलावा पोषण आहार, प्रधानमंत्री आवास एवं मनरेगा योजनाओं के तहत करोड़ों की लूट प्रमाणित होने के बाद भी कलेक्टर चुप्पी साधे बैठे हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जिले के थाना प्रभारी गिट्टी, पत्थर, रेत खनिज माफियाओं से मिलकर अवैध उत्खनन कराकर लूट में लगे हुए है। थाना प्रभारियों द्वारा सादा वर्दी में आरक्षकों को दिन भर रेत, गिट्टी के ट्रकों की गिनती कर प्रति ट्रक पांच हजार से 15 हजार रुपए वसूल करा रहे हैं।
डॉ. सिंह ने बताया कि उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र के माध्यम से कहा है कि आपके वक्तव्य पिछले तीन-चार माह से प्रदेश में जीरो टॉलरेंस भ्रष्टाचार के बारे में खबरें आ रही हैं। बावजूद इसके आप भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करने के बारे में सिर्फ घोषणाएं करते हैं। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वर्ष 2020 में जिले की गोहद तहसील में ओलावृष्टि से पीडि़त किसानों से गोहद के एसडीएम, तहसीलदार, ट्रेजरी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लगभग 10 करोड़ राशि पात्र किसानों को न देकर खुर्दबुर्द कर दी है। राजस्व मंत्री द्वारा विधानसभा में इस बात को स्वीकार करने के बाद भी भ्रष्टाचारियों के खिलाफ आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। पत्रकार वार्ता के दौरान डॉ. गोविन्द सिंह के साथ जिला कांगे्रस अध्यक्ष मानसिंह कुशवाह, शहर जिलाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा सहित अन्य कांगे्रस नेता मौजूद रहे।