किसानों की खुशहाली व बेहतरी के लिये सरकार ने प्रभावी कदम उठाए : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

– मुख्यमंत्री ने ग्वालियर में बलराम जयंती पर आयोजित हुए ‘किसान सम्मान समारोह’ को किया वर्चुअली संबोधित
– कृषि मंत्री कंषाना के मुख्य आतिथ्य एवं ऊर्जा मंत्री तोमर की अध्यक्षता में हुआ आयोजन

ग्वालियर, 14 अगस्त। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसानों की बेहतरी व खुशहाली के लिये सरकार ने प्रभावी कदम उठाए हैं। सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, बिजली के बिल से बचाने के लिए कृषि सोलर पंप पर बडा अनुदान, कृषि आधारित उद्योगों को विशेष बढावा व पशुपालन व डेयरी के लिए अनुदान सहित किसानों को केन्द्र व राज्य सरकार तमाम सुविधाएं मुहैया करा रहीं हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को ग्वालियर में बलराम जयंती पर आयोजित हुए किसान सम्मान समारोह को वर्चुअल संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने इस अवसर पर सभी को कृषि के देवता हलधर भगवान बलराम जयंती की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही आयोजन करने के लिए नंदलाल बाल कल्याण समिति को साधुवाद दिया। यहां राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगडी सभागार में नंदलाल बाल कल्याण समिति द्वारा यह समारोह किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंषाना के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले सवा साल के भीतर प्रदेश में 7 लाख हैक्टेयर से अधिक सिंचाई रकबा बढा है, जबकि वर्ष 2003 में प्रदेश में मात्र लगभग साढे 7 लाख हैक्टेयर में सिंचाई होती थी। इस प्रकार आजादी के बाद प्रदेश में जितना सिंचाई का रकबा था, उतनी सिंचाई सुविधा पिछले सवा साल में सरकार ने उपलब्ध करा दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2003 के बाद कुल मिलाकर 44 लाख हैक्टेयर सिंचाई का रकबा बढाया गया है। इसमें लगातार बढोत्तरी जारी है। इसी क्रम में केन बेतवा व पार्वती-काली सिंध नदी जोडो परियोजना से बुंदेलखण्ड व ग्वालियर-चंबल संभाग सहित प्रदेश के बहुत बडे हिस्से में सिंचाई सुविधाओं का क्रांतिकारी विस्तार हो रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खेती में कम लागत आए, इसके लिए सरकार किसानों को तमाम सुविधाएं मुहैया करा रही है। सरकार द्वारा किसानों को बिजली के बडे बिल से बचाने के लिए 10 व 5 हॉर्स पावर के सोलर पंप पर 90 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को खेती के लिए सरकार बिना ब्याज के कृषि ऋण उपलब्ध करा रही है। साथ ही इस साल सरकार ने देश में सबसे अधिक समर्थन मूल्य यानि 2600 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से गेहूं की खरीदी की है। आने वाले साल में इसमें और बढोत्तरी की जाएगी।
बीहडों में लगाई जाएगी नेपियर घास और उद्योग भी होंगे विकसित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसान सम्मान समारोह को वर्चुअल संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा बीहडों में नेपियर घास लगवाई जाएगी। साथ ही कृषि आधारित उद्योग विकसित करने के प्रयास भी होंगे। किसानों को उन्नत कृषि तकनीक व कृषि उपकरण उपलब्ध कराने के लिए सरकार व्यापक स्तर पर किसान मेलों का आयोजन भी करा रही है। इसी क्रम में जल्द ही मुरैना में वृहद किसान मेला आयोजित होगा, इससे ग्वालियर-चंबल अंचल के किसान लाभान्वित होंगे। उन्होंने ग्वालियर जिले में सुपर सीडर की बडे पैमाने पर बोवनी एवं ड्रोन दीदियों के प्रशिक्षण की सराहना की। साथ ही कहा किसानों की खुशहाली के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दोनों सरकारें लगातार काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की तर्ज पर प्रदेश सरकार द्वारा भी मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना चलाई जा रही है। इन दोनों योजनाओं से प्रत्येक किसान के खाते में हर साल 10 हजार रुपए पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कृषि आधारित उद्योगों को बढावा देने की कडी में दालों से टैक्स कम कर दाल कारखानों को विशेष प्रोत्साहन दे रही है। उन्होंने दुग्ध उत्पादन में बढोत्तरी एवं नरवाई प्रबंधन के लिए सरकार द्वारा दिए जा रहे प्रोत्साहन के बारे में भी जानकारी दी।
किसान खुशहाल होंगे तो देश भी खुशहाल होगा : कंषाना
समारोह के मुख्य अतिथि कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने कहा कि किसान खुशहाल होगा तो देश भी खुशहाल होगा। इसी भाव के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केन्द्र व राज्य सरकार किसानों के हित में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंचाई रकबे में क्रांतिकारी विस्तार हुआ है। उन्होंने इस अवसर पर भरोसा दिलाया कि सरकार प्रदेश के किसी भी जिले व तहसील में खाद की कमी नहीं आने देगी। खाद की कमी की शिकायत आने पर 12 घण्टे के भीतर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी को भगवान बलराम की जयंती की बधाई व शुभकामनाएं दीं। साथ ही कहा कि नंदलाल बाल कल्याण समिति हर साल भगवान बलराम की जयंती पर किसानों के हित में कार्यक्रम का आयोजन कर सराहनीय एवं प्रेरणादायी कार्य कर रही है।
मिल-जुलकर नई पीढी के लिए अच्छा वातावरण बनाएं : तोमर
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सभी को बलराम जयंती एवं किसान दिवस की बधाई दी। साथ ही कहा कि हमारे सभी आराध्यों का यही संदेश होता है कि हम वर्तमान के साथ भविष्य के लिए अच्छा वातावरण तैयार करें, जिससे हमारी नई पीढी संस्कारवान होकर प्रगति पथ पर आगे बढ सकें। उन्होंने आह्वान किया कि हम सभी मिलजुलकर इस काम को अंजाम दें।
कार्यक्रम संयोजक व बीज एवं फार्म विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव ने स्वागत उदबोधन दिया। साथ ही जानकारी दी कि वर्ष 2006 से ग्वालियर में बलराम जयंती पर किसान दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने इस कार्यक्रम को वर्चुअल संबोधित करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार जताया। साथ ही जानकारी दी कि नंदलाल बाल कल्याण समिति बलराम जयंती पर किसान सम्मेलन आयोजित करने के साथ-साथ समाज सुधार के कार्यक्रम भी आयोजित करती है।
कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी
आरंभ में अतिथियों ने भगवान बलराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किसान सम्मान समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. अरविन्द कुमार शुक्ला, नगर निगम सभापति मनोज तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, पूर्व विधायक रामबरन सिंह गुर्जर व मुन्नालाल गोयल के अलावा वेदप्रकाश शर्मा, कमल माखीजानी व विनोद शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और नंदलाल बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष रूपसिंह राजपूत मंचासीन थे। कार्यक्रम का संचालन देश के सुविख्यात कवि शशिकांत यादव ‘शशि’ ने किया।
गौ संवर्धन एवं उत्कृष्ट जैविक खेती के लिए इनका हुआ सम्मान
बलराम जयंती किसान दिवस के अवसर पर आयोजित किसान सम्मान समारोह में नंदलाल बाल कल्याण समिति की ओर से मंत्री कंषाना एवं तोमर सहित अन्य अतिथियों ने सम्मानित किया। गौ संवर्धन क्षेत्र में विशिष्ट कार्य के लिए राजमाता विजयाराजे सिंधिया पुरस्कार से आदर्श गौशाला लाल टिपारा के संत ऋषभानंद जी महाराज, जैविक खेती एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में विशेष योगदान देने के लिए कुशाभाऊ ठाकरे पुरस्कार से जिले की डबरा तहसील के ग्राम सहराई निवासी यशवीर सिंह राणा एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण पुरस्कार से मुरार तहसील के ग्राम बेरजा निवासी भूपेन्द्र उपाध्याय को सम्मानित किया गया।
ख्यातिनाम कवियों के काव्य पाठ से गूंजा सभागार
बलराम जयंती के अवसर पर आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देश के ख्यातिनाम कवियों के वीर रस, हास्य रस व श्रृंगार युक्त काव्यपाठ से राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय का दत्तोपंत ठेंगडी सभागार गुंजायमान हो उठा। सभागार में बडी संख्या में मौजूद किसानों ने करतल ध्वनि से काव्यपाठ को सराहा। कवि सम्मेलन का संचालन शशिकांत यादव ‘शशि’ देवास ने किया। प्रसिद्ध गीतकार राजीव राज इटावा के गीतों व भगवान भोले की नगरी बनारस से पधारीं युवा कवियत्री सुश्री विभा सिंह ने श्रृंगार से सराबोर गीत प्रस्तुत कर समा बांध दिया। वहीं हास्य कवि सुनील सुमैया मुंबई ने अपनी हास्य रचनाओं से खूब गुदगुदाया और वीर रस के कवि सचिन दीक्षित मथुरा ने ओजपूर्ण कविताएं प्रस्तुत कर खचाखच भरे सभागार में देशभक्ति का संचार कर दिया।