ग्वालियर जिले सहित प्रदेशभर के किसानों के खातों में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पहुंचाई धनराशि

– मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत मण्डला में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
– कलेक्ट्रेट के सभागार में सांसद कुशवाह की मौजूदगी में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम

ग्वालियर, 14 अगस्त। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को बलराम जयंती के अवसर पर मण्डला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से सिंगल क्लिक के जरिए ग्वालियर जिले के एक लाख 10 हजार 885 किसानों सहित संपूर्ण प्रदेश के 83 लाख से अधिक किसान हितग्राहियों के खातों में 17 हजार 500 करोड रुपए मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की धनराशि अंतरित की। यहां कलेक्ट्रेट के सभागार में सांसद भारत सिंह कुशवाह के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह घुरैया, कलेक्टर रुचिका चौहान सहित विभागीय अधिकारी और जिले के लाभान्वित किसान उपस्थित थे।
क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकारें किसानों की खुशहाली और उनके हित में अनेक कार्य कर रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की तर्ज पर प्रदेश सरकार द्वारा भी मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना चलाई जा रही है। इन दोनों योजनाओं से प्रत्येक किसान के खाते में हर साल 10 हजार रुपए पहुंच रहे हैं।
कार्यक्रम में लाभान्वित किसानों को सांसद भारत सिंह कुशवाह एवं अतिथियों ने प्रमाण-पत्र भी वितरित किए। इस मौके पर मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में मण्डला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी ग्वालियर के किसानों ने देखा और मुख्यमंत्री का उदबोधन सुना। उल्लेखनीय है मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना सितंबर 2020 से लागू की गई है। इस योजना में लाभांवित किसानों को प्रतिवर्ष 4 हजार रुपए की सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के अलावा है। मार्च 2025 तक 83 लाख से अधिक किसान हितग्राहियों को 17 हजार 500 करोड का वित्तीय समर्थन दिया गया है।