कुण्डेश्वर मन्दिर में हुआ गोवर्धन पूजन का विशेष आयोजन
भिण्ड, 26 अक्टूबर। द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने यह वरदान दिया था कि जो मनुष्य सच्चे मन से परिक्रमा करेगा उसकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण हो जाएगी। यह उद्गार श्री कुण्डेश्वर महादेव उदासीन आश्रम सिटी कोतवाली के सामने इटावा रोड भिण्ड में दीपावली की पड़वा पर गोवर्धन पूजा महोत्सव के अवसर पर मन्दिर पुजारी विजय महाराज ने व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि गोवर्धन गिरिराज धरण भगवान की परिक्रमा करने से समस्त कष्टों का निवारण हो जाता है। जो मनुष्य हर माह की पूर्णिमा को भगवान गिरिराज धरण की परिक्रमा करते हैं, भगवान उनकी हर मनोकामना पूर्ण कर कष्ट दूर करते हैं। पूजा के अवसर पर गोवर्धन भगवान को 56 भोग लगाए गए, महाआरती एवं भजन कीर्तन किया गया। तदुपरांत मन्दिर परिसर में वर्ष 2000 से अनवरत चल रही श्रीराम चरित मानस अखण्ड रामायण पाठ में जो भक्त रोज अपनी ड्यूटी के समान मानकर श्रृद्धा से रामायण पढ़ते थे, उनको मन्दिर प्रबंधन द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम पश्चात सभी भक्तों को भोजन प्रसादी एवं 56 भोग प्रसाद का वितरण किया गया। इस मौके पर सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। संपूर्ण कार्यक्रम मन्दिर पुजारी के विजय महाराज द्वारा संपन्न कराया गया।
रतनगढ़ माता दर्शन के लिए मौ से निकले श्रृद्धालु
मौ। भाई दौज पर रतनगढ़ माता मन्दिर में लक्खी मेला लगा है, जिसमें दर्शन करने के लिए लाखों श्रृद्धालु यहां पहुंच चुके हैं। डकैतों की शरणगाह वाले घनघोर जंगल में स्थित देवी के इस मन्दिर पर जाने वाले श्रृद्धालु बुधवार-गुरुवार की रात भर मौ नगर के रास्ते से निकलेंगे। इस दृष्टि से पुलिस प्रशासन ने जगह-जगह सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। भाई दौज के दिन भी भारी संख्या में श्रृद्धालु पहुंचेंगे।