रावतपुरा धाम में दोपहर 12 बजे होगा भव्य जन्म उत्सव
भिण्ड, 07 अप्रैल। अनंत विभूषित श्री रविशंकर जी महाराज रावतपुरा सरकार के पावन सानिध्य में रामनवमी पर राम जन्म महोत्सव का भव्य आयोजन 10 अप्रैल को रावतपुरा धाम में होगा। मुख्य समारोह दोपहर 12 बजे होगा, जिसमें भव्य स्वरूप के साथ प्रभु राम का जन्म उत्सव मनाया जाएगा। रावतपुरा धाम परिसर को इस आयोजन के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है। आयोजन में लाखों भक्तों के शामिल होने के आसार है। आयोजन की भव्यता के दृष्टिगत स्थानीय प्रशासन ने भी सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का आज अवलोकन किया। कोरोना के बाद आयोजित होने जा रहे इस जन्मोत्सव को लेकर श्रृद्धालुओं के उत्साह को देखते हुए आयोजकों ने भी विशेष प्रबंध किए है।
इस समारोह की शुरुआत चार अप्रैल को गणगौर महोत्सव के साथ हो चुकी है। नौ अप्रैल को रामार्चन यज्ञ का आयोजन होगा। धाम पर इस समय सुश्री डॉ. प्रज्ञा भारती जी की रामकथा प्रतिदिन दोपहर एक बजे से शाम पांच तक आयोजित की जा रही है। रात्रि आठ बजे से कथा पण्डाल में आकर्षक रामलीला का मंचन भी हो रहा है। रामकथा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरूण यादव एवं भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जयप्रकाश राजौरिया, भिण्ड भाजपा जिलाध्यक्ष नाथूसिंह गुर्जर, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश सिंह कुशवाह एवं वरिष्ठ नेता उदय अग्रवाल भी शामिल हुए।
एक लाख दीप का दीपोत्सव
रामनवमी के दिन दोपहर 12 बजे जहां राम जन्म उत्सव का आयोजन होगा, वहीं इस बार दीपोत्सव का आयोजन ही रिकॉर्ड एक लाख दीपों के साथ किया जा रहा है। शाम को इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए एक लाख दीपक रावतपुरा धाम में प्रज्वलित किए जाएंगे, इस दीपोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए भी आयोजक दिन रात लगे हुए हैं। राम जन्मोत्सव के ठीक बाद श्रृद्धालुओं के लिए 12:30 बजे से पूर्णाहुति एवं भण्डारा आयोजित किया जाएगा। इस नौ दिवसीय मेले में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी जारी है।