प्रत्येक गांव में बनेगी किसान समिति, जैविक खेती का अलख जगाएंगे
भिण्ड, 29 दिसम्बर। भाजपा किसान मोर्चा द्वारा गौ-आधारित खेती को बढ़ावा देने के लिए ग्राम स्तर पर अभियान चलाएगा। प्रत्येक घर में गौ पालन हो इसके लिए किसानों व ग्रामीणों को प्रेरित किया जाएगा। मोर्चा द्वारा जिला स्तर पर किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) तथा प्रत्येक ग्राम स्तर पर पांच सदस्यीय समिति गठित की जाएगी। ग्राम समिति के माध्यम से केन्द्र व राज्य सरकार की कृषि आधारित योजनाओं व कार्यों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। यह बात भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह गुर्जर ने कही।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष गुर्जर ने कहा कि गत माह गुजरात के आनंद में तीन दिवसीय सेमिनार हुआ था, जिसे प्रधानमंत्री ने संबोधित किया था। प्रधानमंत्री ने जैविक खेती को बढ़ावा देकर खेती को रसायन मुक्त करने पर जोर दिया था। किसान मोर्चा गौ आधारित खेती को बढ़ावा देने के लिए कृत संकल्पित है। एक गाय के गोबर व गौमूत्र से 30 एकड़ कृषि भूमि पर जैविक खेती की जा सकती है। हर घर में गाय हो इसके लिए किसान मोर्चा जनजागरण व प्रेरित करेगा। किसान मोर्चा प्रत्येक ग्राम स्तर पर एक पांच सदस्यीय समिति बनाएगा। इसमें ग्राम संयोजक व चार सहसंयोजक रहेंगे। साथ ही जिला स्तर पर एक किसान उत्पादक संगठन गठित किया जाएगा। इनके माध्यम से किसानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जैविक खेती के लिए मिट्टी का परीक्षण, उन्नत किस्म के बीजों की उपलब्धता व उपज को उचित लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए बाजार उपलब्ध कराया जाएगा।