– कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पत्रकार वार्ता में भाजपा पर लगाए आरोप
भिण्ड, 30 जून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर अशोक नगर जिले के मुंगावली में दर्ज एफआईआर के खिलाफ जिला कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा ने प्रेसवार्ता में भाजपा सरकार और प्रशासन पर सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने और जनहित के मुद्दों को खत्म करने के लिए झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। बीजेपी सरकार ने देश और प्रदेश में राजनीतिक द्वेष और दमन की मानसिकता को बढावा दिया है। कांग्रेस का कार्यकर्ता न कभी डरा है, न झुकेगा।
कांग्रेस पदाधिकारी मनोज दैपुरिया ने बताया कि 25 जून को अशोक नगर के ग्राम मूडरा निवासी गजराज लोधी और रघुराज लोधी जीतू पटवारी से ओरछा दौरे के दौरान मिले थे। उन्होंने सरपंच पुत्र विकास और उसके साथियों द्वारा मारपीट, बाइक छीनने और अमानवीय व्यवहार की शिकायत की थी। प्रदेश अध्यक्ष पटवारी ने पीडितों की आपबीती का वीडियो सार्वजनिक किया ताकि प्रशासन कार्रवाई करे। लेकिन अगले ही दिन प्रशासन ने पीडितों से शपथपत्र दिलवाया। जिसमें कहा गया कि पटवारी ने उन्हें बयान देने के लिए उकसाया था। इसके बाद 26 जून को पटवारी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। कांगे्रस जिलाध्यक्ष ने एफआईआर को तत्काल निरस्त करने तथा अशोक नगर के कलेक्टर और एसपी की भूमिका की न्यायिक जांच की मांग की। उन्होंने पीडितों को न्याय दिलाए जाने एवं सरपंच पुत्र और उसके साथियों पर सख्त कार्रवाई किए जाने की भी मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि संविधान, न्याय और सत्य की लडाई है। पार्टी जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सडक से लेकर न्यायालय तक संघर्ष करती रहेगी।