जियो और जीने दो का संदेश देता है हमारा राष्ट्रगान : पाण्डे

– हम फाउण्डेशन ने किया सामूहिक राष्ट्रगान का गायन

भिण्ड, 01 जून। हम फाउण्डेशन भिण्ड द्वारा ऐतिहासिक गौरी सरोवर के पीछे शनिदेव मन्दिर के पास बने घाट पर प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को 2 मिनट राष्ट्र के नाम राष्ट्रगान का करें सम्मान जन-गण-मन कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। आज के कार्यक्रम में पुलिस विभाग से रामकुमार पांडे, हम फाउण्डेशन के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली, प्रांतीय वित्त मंत्री शैलेश सक्सेना, जिला अध्यक्ष विपुल सेठ, सचिव अजीत उपाध्याय, जिला संयोजक अंकित बंसल, अनुज बंसल, सार्थक कौशल, अनमोल सहित विद्यार्थी उपस्थित थे।
इस अवसर पर रामकुमार पाण्डे ने कहा कि राष्ट्रगान हमारे देश के प्रति हमारा सम्मान का प्रतीक है, जब हम राष्ट्रगान गाते हैं तो हम अपने देश के लिए गर्व और प्रेम की भावना व्यक्त करता हैं। हमारा कर्तव्य है कि हम राष्ट्रगान का सम्मान करें, क्योंकि यह हमारी राष्ट्रीय पहचान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान जियो और जीने दो का संदेश देता है। हमारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा इसमें त्याग, बलिदान एकता समृद्धि के प्रतीक तीनों रंग सामाजिक सरोकार, सामाजिक समरसता, सभी धर्म व समुदायों का आदर्श सामाजिक एकता, राष्ट्रीय एकता की भावना से परिपूर्ण हमारा राष्ट्रगान है। उन्होंने कविता की पंक्तियों के माध्यम से बताया कि ‘सीने में भारत मां की तस्वीर तिरंगा हाथों में, जियो और जीने दो का संदेश हमारी बातों में, सहनशीलता रची बसी है आदिकाल से माटी में और हर मजहब खुशहाली पता आर्या वृत्त की घाटी में।’
हम फाउण्डेशन के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली ने कहा कि जन- गण-मन एक राष्ट्रगान है, जिसका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का एक मौलिक कर्तव्य है और यह कर्तव्य राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना से प्रेरित होता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान का उद्देश्य भारत की व्यवस्था में एकता की भावना को व्यक्त करता है। प्रांतीय वित्त मंत्री शैलेश सक्सेना ने बताया कि ऐतिहासिक गौरी सरोवर पर राष्ट्रगान का आयोजन विगत वर्ष 6 अक्टूबर 2024 से किया जा रहा है, जो हर माह के प्रथम रविवार को किया जाता है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रगान गाने से हर भारतीय के दिल में देशभक्ति की भावना का संचार होता है। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय ध्वज को सेल्यूट कर राष्ट्रगान जन-गण-मन गाया गया।