शिवपुरी, 30 दिसम्बर। मायापुर थाना क्षेत्र के राउटोरा गांव में रविवार रात बुजुर्ग दंपत्ती समेत तीन लोगों की हत्या कर दी गई। पति के गले पर फंदा बंधा था। जबकि शव जमीन पर पडा मिला है। साडी का यह फंदा छत पर पंखे से बंधा था। पत्नी के सिर पर चोट के निशान थे। उधर, पडोसी महिला की गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। वारदात जिले के मायापुर क्षेत्र के राउटोरा गांव की है।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह सीताराम लोधी उम्र 75 वर्ष, पत्नी मुन्नी बाई उम्र 70 वर्ष की लाश घर में पडी मिली। दंपती के नाती ने दोनों के शव देखे और पुलिस को सूचना दी। वहीं पडोस में रहने वाली सूरज बाई उम्र 65 वर्ष की लाश भी उसके घर में पाई गई है। बुजुर्ग के भतीजे सुरेंद्र लोधी का कहना है कि उसके दादा के हाथ-पैर काम नहीं करते थे। ऐसे में वे खुद फंदा बांधकर आत्महत्या कर ही नहीं सकते। किसी ने हत्या को सुसाइड बताने के लिए दादा को फंदे से बांध दिया होगा। आरोपियों ने लूटपाट के इरादे से उनकी हत्या की है। दादी के कपडे फटे हुए हैं और चोट है। इससे लगता है कि दादी ने हत्यारों के साथ जान बचाने का संघर्ष किया होगा। उनके जेवरात के साथ पैसे भी चोरी किए हैं। बुजुर्ग दंपती के भतीजे दिनेश लोधी ने बताया कि दोनों गांव के बाहर एक कमरे में दुकान चलाते थे। इसके चलते उनके पास पैसे भी रहते थे। अज्ञात चोर दोनों महिलाओं के पांव में पहने गहने और नथनी भी ले गए हैं। पोते सुरेन्द्र लोधी का कहना है कि उसके दादा के हाथ पैर नहीं चलते थे। फांसी के फंदे पर लटकाकर सुसाइड दिखाने की कोशिश की गई है। जेवरात के साथ पैसे भी चोरी गए हैं।
हत्यारे का सुराग जुटाने में लगी पुलिस
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसपी अमन सिंह और एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। अब तक हत्या की वजह और हत्यारे की पहचान को लेकर पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। पूछताछ में पडोसियों ने पुलिस को बताया कि सीताराम लोधी और मुन्नी बाई का स्वभाव बेहद सरल था। हालांकि उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। किसी से दुश्मनी या विवाद जैसी बात भी सामने नहीं आई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
घटना स्थल का डीआईजी एवं एसपी ने किया निरीक्षण, विशेष जांच दल का गठन
रविवार की रात्रि में थाना मायापुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम प्रेमनगर पडोरा में तिहरे हत्याकांड की घटना घटित हुई जिसमें एक ही परिवार के दो बुजुर्ग दंपत्ति एवं पास में ही रहने वाली एक बुगुर्ज महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। घटना संज्ञान में आने के तत्काल बाद पुलिस उप महानिरीक्षक रेंज ग्वालियर एवं पुलिस अधीक्षक तत्काल घटना स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया। एफएसएल टीम, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट एवं डॉग स्कॉट को तत्काल मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित कराए गए। प्रकरण की विवेचना हेतु एएसपी शिवपुरी के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया जिसमें एक एसडीओपी, 3 निरीक्षक, 3 उप निरीक्षक एवं जिले के सायबर एक्सपर्ट को टीम में शामिल किया गया है। अज्ञात आरोपियों पर दस हजार रुपए का नगद ईनाम की उद्घोषणा की गई है।