ढोल नगाडों के साथ नगर परिषद मौ में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा

– कलेक्टर ने तिरंगा रैली को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
– 15 अगस्त तक अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने अपील की

भिण्ड, 12 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ अंतर्गत नगर परिषद मौ में ढोल नगाडों के साथ भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। साथ ही लोगों को हर घर तिरंगा अभियान में अपनी सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया गया। तिरंगा यात्रा को कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने उपस्थित सभी लोगों को तिरंगा सम्मान की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी लोगों से 15 अगस्त तक अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने अपील की। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले के सभी नागरिकों के दिलों में देशभक्ति की भावना जगाने और तिरंगे से जुडाव को गहरा करने के उद्देश्य से नगर परिषद मौ में शासकीय कन्या शाला से शुरू होकर गांधी गुलंबर बेहट तिराहा, रतवा चौराहा से मेला महोत्सव तक सम्मान पूर्वक राष्ट्रीय ध्वज के साथ तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। साथ ही जिले के सभी नागरिकों से 15 अगस्त तक अपने घरों पर गर्व से तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। तिरंगा रैली के बाद एक पेड मां के नाम अभियान अंतर्गत बरुआ तालाब पर पौधारोपण किया गया। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष वंदना सज्जन सिंह यादव, उपाध्यक्ष, पार्षदगण, सीएमओ महेश पुरोहित, बीईओ गोहद श्याम किशोर भारद्वाज, थाना प्रभारी संतोष यादव सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, समस्त शासकीय/ अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने अपनी सहभागिता दी।