‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से स्थानीय समुदाय को जोड़ा जाए : कलेक्टर

– जिले में वृहद पौधारोपण का अभियान चलेगा, पांच लाख पौधे रोपने का होगा कार्य

भिण्ड, 04 जुलाई। ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधारोपण अभियान के संबंध में कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार भिण्ड में बैठक आयोजित की गई। जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, एडीएम लक्ष्मीकांत पाण्डेय, एसडीएम भिण्ड सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं सामाजिक संगठन उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीवास्तव ने सभी सीईओ जनपद एवं सीएमओ को निर्देशित कर कहा कि अभियान में स्थानीय समुदाय, आमजनों की सक्रिय सहभागिता की जाए। उन्हें आमंत्रित कर उनके द्वारा की पौधरोपण कराया जाए। पौधरोपण के लक्ष्य निर्धारित कर सामाजिक संस्थाओं से समन्वय कर पौधरोपण कराएं। पौधरोपण और उनकी देखभाल के लिए अनुकूल जगह का चिन्हांकन किया जाए और पौधरोपण के लिए इच्छुक संस्थाओं को चिन्हित स्थानों को आवंटित किया जाए।
उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों से कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लक्ष्य अनुरूप पौधारोपण की कार्ययोजना तैयार कर उसकी तैयारियां करें। उन्होंने कहा ऐसे सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूल जहां बाउण्ड्रीवॉल है अपने परिसर में पौधरोपण करें।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में पांच लाख पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, पर्यावरण संरक्षण, भूमि को हरा भरा करने के लिए वातावरण में पर्याप्त ऑक्सीजन देने वाले वृक्षों को रोपने का अभियान चलाना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण का अभियान केवल सरकारी अभियान न होकर आमजन को जोडक़र चलने वाला अभियान बनाया जाए। जिले के सामाजिक संगठनों, स्थानीय समुदाय और आमजनों की इस अभियान में भागीदारी सुनिश्चित की जाए। एक पेड़ मां के नाम अभियान में इस बात का विशेष ध्यान दिया जाए कि अधिक से अधिक पौधे पांच-छह फीट हाईट के रोपे जाएं। रोपे गए पौधों की देखभाल की भी जिम्मेदारी लें। पौधारोपण के कार्य में जन सहभागिता हो इसके भी प्रयास किए जाएं। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधिगणों, सामाजिक संगठनों ने अपने-अपने सुझाव दिए।