श्रीराम मन्दिर प्राण प्रतिष्ठा के लिए कलश यात्रा से किया जनजागरण

भिण्ड, 19 जनवरी। मप्र जन अभियान परिषद (योजना आर्थिक सांख्यिकी विभाग मध्य प्रदेश शासन) विकास खण्ड मेहगांव एवं जिला प्रशासन के साथ संयुक्त तत्वावधान में अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में मेहगांव नगर में तहसील परिसर, संतोषी माता मन्दिर से हनुमानगढी मन्दिर तक भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया।

कलश यात्रा के माध्यम से श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा पर नगर में अध्यात्म और आस्था के साथ धार्मिक वातावरण का निर्माण हो। 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाली श्रीराम मन्दिर प्राण प्रतिष्ठा पर अध्यात्म और आस्था के इस पर्व को दीपावली की तरह मनाएं, अपने घरों एवं मन्दिरों में जाकर दीप जलाएं और दूसरों को भी प्रेरित करें। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जन अभियान परिषद, महिला बाल विकास, नवांकुर संस्था, प्रस्फुटन समिति एवं छात्र-छात्राओं के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों में अक्षत वितरण एवं आमंत्रण, धर्म स्थल स्वच्छता, दीप प्रज्वलन, कलश यात्रा, प्रभात फेरी, रामधुन, सुंदरकाण्ड पाठ, हनुमान चालीसा पाठ सहित अन्य धार्मिक गतिविधियां निरंतर की जा रही हैं। इस अवसर पर एसडीएम विकास सिंह, सीडीपीओ महावीर सिंह, ब्लॉक समन्वय जयप्रकाश शर्मा, सतीश कुमार आर्य, भावसिंह नरवरिया, कुलदीप सिंह, मेंटर्स आशीष शर्मा, जितेन्द्र कौरव, कृष्ण बंसल, नवांकुर संस्था से श्यामसुंदर त्यागी, अनिल शर्मा, मुकेश कर्ण, कमलेश शर्मा, विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।