हर मौसम में खेत की रखवाली करते हैं किसान : संजीव सिंह

किसानों की स्थिति सुधारने का काम कर रही है सरकार : कामना सिंह

भिण्ड, 14 जून। मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना 2023 एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत खरीफ 2021 एवं रबी 2021-22 हेतु कृषकों को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सिंगल क्लिक से राशि अंतरित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कृषि उपज मण्डी भिण्ड के परिसर में देखा एवं सुना गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया, क्षेत्रीय विधायक संजीव सिंह कुशवाह, विधायक प्रतिनिधि सुनील बाल्मिकी, नमोनारायण दीक्षित, उप संचालक कृषि रामसुजान शर्मा, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक जीएम आरएस गुप्ता सहित अन्य अधिकारी, जन प्रतिनिधिगण एवं किसान उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना-2023 के तहत किसान कल्याण महाकुंभ राज्य स्तरीय कार्यक्रम अंतर्गत 11 लाख से अधिक किसानों की 2123 करोड़ रुपए की ब्याज माफी, प्रधानमंत्री फसल बीमा के 2900 करोड़ रुपए का भुगतान, मुख्यमंत्री किसान कल्याण के 1400 करोड़ रुपए का भुगतान सिंगल क्लिक से किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना अंतर्गत भिण्ड जिले के 24 हजार 455 किसानों का 62.11 करोड़ रुपए का ब्याज माफ किया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत जिले में वर्ष 2021-22 खरीफ और रबी मौसम के 31 हजार 572 किसानों का बीमा किया गया है, जिसकी दावा राशि 13.98 करोड़ की राशि 21 हजार 814 किसानों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की गई। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजन अंतर्गत भिण्ड जिले में वर्ष 2023-24 में एक लाख 74 हजार 882 किसानों के खातों में प्रथम किस्त दो हजार रुपए के रूप में प्रदान की गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार खेती को लाभ का धंधा बनाकर किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए कृत संकल्पित है। इसके लिए सरकार ने पिछले वर्षों में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, राजस्व पुस्तक परिपत्र में संशोधन कर प्राकृतिक आपदा पर मिलने वाली राहत राशि में वृद्धि जैसे निर्णयों से किसानों को गत वर्षों में काफी राहत मिली है।
क्षेत्रीय विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने कहा कि किसान भाई अन्नदाता भगवान होते हैं और धूप, गर्मी बरसात हर मौसम में खेत में रखवाली करते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के सम्मान के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना बनाई, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना द्वारा फसल की सुरक्षा दी जा रही है। किसानों को आय की वृद्धि हेतु एमएसपी मूल्य में वृद्धि की गई है, किसानों के घरों में भी बिजली शौचालय प्रधानमंत्री आवास योजना से घर एवं गरीब किसानों को आयुष्मान भारत योजना से स्वास्थ्य लाभ कार्ड मिल रहा है, गरीब किसानों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना द्वारा भी लाभ मिल रहा है, मुफ्त अनाज मिल रहा है।