भिण्ड, 16 अगस्त। मप्र कांग्रेस कमेटी ने भिण्ड जिले में पहली बार दो जिलाध्यक्ष बनाने का फैसला किया है। संगठनात्मक समीकरण साधते हुए पार्टी ने शहर जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी युवा नेता धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया उर्फ पिंकी को सौंपी है, वहीं ग्रामीण जिलाध्यक्ष की कमान रामशेष बघेल को दी गई है।
पार्टी ने यह नियुक्ति केवल संगठन विस्तार के लिहाज से नहीं बल्कि जातिगत संतुलन साधने की दृष्टि से भी की है। लंबे समय से जिलाध्यक्ष की कमान पिछडा वर्ग के हाथों में रही थी। इसको लेकर सामान्य वर्ग के कार्यकर्ता नाराजग़ी जताते रहे थे। इस बार कांग्रेस ने जातीय समीकरण बिगाडने से बचते हुए सामान्य वर्ग से पिंकी भदौरिया और पिछडा वर्ग से रामशेष बघेल को जिम्मेदारी देकर संदेश देने की कोशिश की है।