कांग्रेस नारी सम्मान योजना के फार्म भरवाकर महिलाओं को कर रहे हैं भ्रमित : देवेन्द्र सिंह

भाजपा जिलाध्यक्ष नरवरिया ने कांग्रेस के नारी सम्मान योजना पर किया पलटवार

भिण्ड, 11 मई। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के निर्देशों पर नौ मई से प्रदेश में नारी सम्मान योजना के शुभारंभ पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस में कभी महिलाओं का सम्मान नहीं हो सकता, जिन्होंने 2018 के विधानसभा चुनाव में ऐसे ही किसान कर्ज माफी के नाम पर रंग-बिरंगे फार्म भरवाकर उन्हें झूठ बोलकर सरकार बनाकर भ्रमित किया था, एक भी किसान का कर्जा माफ नहीं कर पाए, ऐसे ही यह नारी सम्मान योजना मात्र नाटक और नौटंकी है यह महिलाओं के कभी हितैषी नहीं बन सकते। ऐसी योजनाओं से महिलाएं सावधान रहें और इनके झूठे बहकावे में ना आएं, यह उनका झूठ का पुलिंदा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में महिलाओं को सम्मान देने वाली योजना बनाई गई थी, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने योजना को कांग्रेस की सरकार में बंद कर उन्हें अपमानित करने का काम किया था, जैसे लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री विवाह कन्यादान योजना के माध्यम से 51 हजार रुपए देने का वादा किया था वह भी नहीं दे पाए थे, नारी सम्मान योजना के माध्यम से महिलाओं को वोट बैंक की राजनीति चलाकर उन्हें झूठ बोलकर भ्रमित कर रहे हैं, जो कांग्रेस की सरकार और कमलनाथ ने किसानों से दो लाख तक के कर्जा माफ करने का वायदा किया था वह 15 माह में नहीं दे पाए, तो 1500 और 500 में गैस सिलेंडर क्या दे पाएंगे, पहले कमलनाथ अपने गिरेबान में झांक कर देखें, महिलाओं को झूठे फार्म भरवाकर भ्रमित ना करें।