राहुल गांधी सदस्यता समाप्ती को लेकर कांग्रेस ने निकाला जुलूस

पीएम मोदी का पुतला दहन का प्रयास कर दी गिरफ्तारी

भिण्ड, 27 मार्च। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी की भाजपा सरकार द्वारा आनन-फानन में संसदीय सदस्यता समाप्त करने को लेकर आक्रोशित कांग्रेस ने सोमवार को गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रैली स्वरूप में कस्वे के गांधी रोड पर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भिण्ड तिराहे की ओर मार्च किया। जहां पूर्व निर्धारित अनुसार पीएम मोदी का पुतला दहन करने का कार्यक्रम सुनिश्चित था। कांग्रेस नेता व कार्यकर्ताओं की रैली जैसे ही भिण्ड तिराहे पर पहुंची और पीएम मोदी का पुतला दहन करने का उपक्रम किया तो पहले से ही पुलिस प्रशासन अपनी पूरी तैयारी के साथ मुस्तैद होकर चार थानों के थाना प्रभारी मय दल-बल के साथ नगर में चप्पे-चप्पे पर नजर गढ़ाए हुए थे। पुलिस प्रशासन ने भिण्ड तिराहे पर पहले से ही फायर बिग्रेड की दो गाडिय़ां सुरक्षा की दृष्टि से खड़ी की हुई थीं, कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा पीएम मोदी का पुतला दहन करने का उपक्रम किया, तभी पहले से एलर्ट पुलिस प्रशासन ने फायर बिग्रेड द्वारा दोनों और से पानी की बौछार की। जिससे कांग्रेस नेताओं ने पानी में सराबोर होकर थाना परिसर में सामूहिक रूप से गिरफ्तारी दी। जिसकी सूचना से एसडीएम बरुण अवस्थी को संदेश भेजकर अवगत कराया गया। तत्पश्चात एसडीएम ने अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए सभी कांग्रेस नेताओं कार्यकर्ताओं को रिहा किया। प्रदर्शन करने वालों में राहुल सिंह भदौरिया, नाथूराम शर्मा चुरारिया, जगदीश शर्मा, कल्लू भारौली, इलियास खान एडवोकेट, जबर सिंह कुशवाह, ब्लॉक अध्यक्ष गोरमी संजीव करैया, जगत सिंह यादव आदि प्रमुख हैं।