कन्या के प्रथम गृह आगमन पर कार्यक्रम आयोजित कर मनाई खुशियां

भिण्ड, 20 अगस्त। आदिकाल से ही भारत में नारी पूजनीय रही है। भले ही रूढि़वादी विचारों ने नारी जाति से उसके हक का सम्मान छीना लेकिन समाज के समझदार व्यक्तित्व सदैव ऐसी प्रेरणाएं देते रहे है, जिससे नारी गौरव और नारी सम्मान के प्रति समाज में सदैव जागरूकता का सहज संचार होता रहा है। ऐसा ही एक उदाहरण पेश किया है मेहगांव से दो किमी दूर ज्ञानेन्द्र पुरा में रहने वाले सुंदरलाल गर्ग के सुपुत्र शिवसिंह गर्ग और उनकी पुत्रवधु प्रियंका ने। उन्होंने अपनी बेटी वर्तिका (चारु) के जन्म की बहुत खुशियां मनाई है। उसका जन्म 10 अगस्त मंगलवार को ग्वालियर में हुआ। वर्तिका के प्रथम गृह आगमन की खुशी में गांव में एक शानदार कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें बेटी वर्तिका के माता-पिता को बधाइयां दी गई और प्रथम ग्रह आगमन पर पूरे गांव में मिष्ठान वितरण किया गया एवं वर्तिका का स्वागत अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष मानसिंह, अभिभाषक एवं कांग्रेस संगठन महामंत्री हरनारायण शर्मा, कांग्रेस युवा नेता रोकी तोमर, कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष संदीप मिश्रा, नंदिनी सिंह जादौन, श्रृद्धा शर्मा, संस्कार शर्मा, संजय दत्त शर्मा आदि लोगों ने वर्तिका का स्वागत किया। कार्यक्रम में महिला संबल को प्रोत्साहित करते हुए जिले की कई समाज सेविका एवं उच्चाधिकारी महिलाएं उपस्थित रहीं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानसिंह ने कहा कि नारी सशक्तीकरण की ओर हम सबको निरंतर अपने कदम बढ़ाने चाहिए, कांग्रेस संगठन महामंत्री हरनारायण शर्मा ने कहा कि यह कार्यक्रम देश की सभी बेटियों के गौरव को प्रोत्साहित करने वाला कार्यक्रम है। वर्तिका के जन्म पर हर्षोल्लास से मनाए गए इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न समाजसेवी संगठनों के सदस्य, जिले के उच्चाधिकारी, महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत महिलाएं, गृहणियां, छात्र छात्राओं सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।