माता-पिता हमें सही संस्कार देते हैं : डॉ. सक्सेना

रौन कस्बे में स्व. शिवराम सिंह कुशवाह की स्मृति में निर्मित साहित्य कक्ष उद्घाटित

भिण्ड, 17 अक्टूबर। माता-पिता हमें सही संस्कार देते हैं, अत: उनके पदचिन्हों पर चलना हमारा कर्तव्य है। यह बात रौन कस्बे में डॉ. शिवेन्द्र के पिता शिक्षाविद् एवं समाजसेवी स्व. शिवराम सिंह कुशवाह की स्मृति में निर्मित साहित्य कक्ष के उद्घाटन अवसर बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनोद सक्सेना ने कही। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में साहित्यकार डॉ. सुखदेव सिंह सेंगर, उत्कृष्ट उमाविद्यालय रौन के प्राचार्य दशरथ सिंह कौरव, पत्रकार रामशंकर शर्मा, शिक्षक डॉ. परमाल सिंह कुशवाह मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी बाबूसिंह कुशवाह दद्दा ने एवं संचालन कार्यक्रम संयोजक शिवेन्द्र सिंह शिवेन्द्र ने किया।
पाठक मंच एवं खुशबू संस्था के तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम में शा. उत्कृष्ट उमावि रौन के प्राचार्य दशरथ सिंह कौरव ने स्व. शिवराम सिंह के जीवनवृत्त पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समाजसेवी बाबूसिंह कुशवाह दद्दा ने कहा कि स्व. शिवराम सिंह ने समाज के कई क्षेत्रों में सेवा की है, उससे हमें प्रेरणा लेना चाहिए। इस मौके पर वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सुखदेव सिंह सेंगर, का शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर खुशबू साहित्य सम्मान-2022 से सम्मानित किया गया। डॉ. सेंगर ने कहा कि माता-पिता से बढ़कर अन्य कोई नहीं, वे हमारे पूज्य है, उनका आदर सम्मान सभी संतति को करना चाहिए। कार्यक्रम का शुभारंभ नवनिर्मित साहित्य कक्ष का डॉ. विनोद सक्सेना द्वारा फीता काटकर एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। क्षेत्र के कवि शिरोमणि सिंह अनुरागी, डॉ. परमाल सिंह कुशवाह, डॉ. शिवेन्द्र सिंह, सतेन्द्र सिंह चौहान, हरविलास प्रजापति, प्रतीक चौहान ने स्व. शिवराम सिंह को काव्यांजलि अर्पित की।