मिशन हरियाली सभी भारतीयों का नैतिक कर्तव्य है : अवधूत महाराज

चिलोंगा आश्रम पर 21 पौधे रोपे गए

भिण्ड, 24 जुलाई। बारिश का मौसम चल रहा है, पेड़ पौधे लगाने के लिए ये मौसम सबसे उपयुक्त माना गया है। जो पेड़ पौधे हमें जीवन देते हैं, खाने पीने के लिए कुछ न कुछ देते हैं, हमें उन्हें लगाना चाहिए। वृक्ष जीवन का आधार होता है इसका मानव जीवन मे महत्वपूर्ण योगदान है। मिशन हरियाली सभी भारतीयो का नैतिक कर्तव्य है। यह बात चिलोंगा आश्रम के महंत श्रीश्री 1008 अवधूत महाराज ने हम फाउण्डेशन के राष्ट्रीय प्रकल्प मिशन हरियाली कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली, प्रांत महासचिव प्रो. रामानंद शर्मा, जिलाध्यक्ष शैलेष सक्सेना, सचिव योगेश शर्मा, विकास कुशवाह आदि उपस्थित थे।
प्रो. इकबाल अली ने कहा कि हमें स्वप्रेरणा से पौधरोपण के प्रति जागरुक होना चाहिए, जहां जंगल हैं, वहां शुद्ध हवा, पानी के अलावा वृक्षों से कंदमूल, फल, फूल, अनेक प्रकार के औषधीय वनोपज के रूप में प्राप्त होती हैं। उन्होंने कहा कि पौधारोपण करने के साथ-साथ उनकी रक्षा करना हम सभी का दायित्व है। पेड़ का महत्व मानव जीवन में सबसे अधिक है और मनुष्य के लिए अत्यंत आवश्यक आक्सीजन प्रदान करता है।
इसी क्रम में प्रांतीय महासचिव प्रो. रामानंद शर्मा ने कहा कि प्रकृति हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रकृति के अविवेकपूर्ण दोहन के कारण मौसम में परिवर्तन हो रहा है, जिसका हम सभी को खामियाजा भुगतना पड़ेगा, इसलिए जरूरी है कि अधिक से अधिक पौधारोपण किया जाए। जिलाध्यक्ष शैलेष सक्सेना ने कहा कि मनुष्य को सबसे ज्यादा शांति और सुकून प्रकृति में मिलती है। उन्होंने सभी को प्रकृति की सुरक्षा के लिए जागरुक होकर पौधरोपण करने एवं उसकी सुरक्षा करने का आग्रह किया।

निबंध प्रतियोगिता का आयोजन

भिण्ड जिले का पर्यावरण और आम नागरिक की भूमिका विषय पर 300 शब्दों में हम फाउण्डेशन की ओर से 10वीं तथा 12वीं के विद्यार्थियों हेतु पर्यावरण जागरुकता के लिए निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में दो दर्जन प्रतियोगियों ने सहभागिता की। जिसमें प्रथम स्थान विवेक शर्मा, द्वितीय स्थान शिवानी बघेल और तीसरे स्थान पर प्रतिष्ठा सिंह रहीं। सभी को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विवेकानंद शाखा के अध्यक्ष विपुल सेठ, योगेश शर्मा, विकास कुशवाह उपस्थित थे।