भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में हमको अपना कार्य व्यवहार एवं आचारण दिखना चाहिए : केशव सिंह

भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षदों की परिचय बैठक आयोजित

भिण्ड, 23 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी हमारी मां है, जिस प्रकार हमारी अपनी मां के प्रति हमारा समर्पण एवं निष्ठा होती है, उसी प्रकार भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में हमको अपना कार्य व्यवहार एवं आचारण दिखना चाहिए। यह बात एक निजी होटल में आयोजित नवनिर्वाचित पार्षदों की परिचय बैठक में मुख्य अतिथि की आसंदी भाजपा के प्रदेश मंत्री केशव सिंह भदौरिया से कही। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष नाथूसिंह गुर्जर, भिण्ड विधायक संजीव सिंह कुशवाह संजू, जिला महामंत्री धीरसिंह भदौरिया, जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र शर्मा एवं नगर पालिका प्रभारी राममिलन शर्मा, जिला सहमीडिया प्रभारी अमित यादव, मण्डल अध्यक्ष प्रदीप भदौरिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रिंस दुबे, जिला युवामोर्चा उपाध्यक्ष वैभव चतुर्वेदी मंचासीन थे। बैठक का संचालन नगर पालिका प्रभारी अमित दुबे एवं आभार अमित जैन ने व्यक्त किया। मंचासीन अतिथियों का स्वागत पार्षद ने किया।


उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है। पार्षद का चुनाव स्थानीय एवं व्यक्तिगत होता है, इस कारण एक वार्ड में एक से अधिक दावेदार होते हैं, सभी भाजपा के निष्ठावान एवं समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। प्रत्याशी चयन के समय पार्टी का जो मापदण्ड होता है, उसका एक पैमाना होता है। कार्यकर्ता की पार्टी के प्रति प्रतिबद्धता क्या है, समाज के प्रति कितना समर्पण है, कार्यकर्ताओं के प्रति वैचारिक समन्वय का अभाव तो नहीं है आदि कारण होते हैं। इसके साथ ही हमको जातीय एवं क्षेत्रीय संतुलन को भी देखना पड़ता हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष नाथूसिंह गुर्जर ने कहा कि भाजपा बड़ा राजनैतिक दल होने के कारण कार्यकर्ताओं में भी अपेक्षा होना स्वाभाविक है। राजनीति में भी प्रत्येक व्यक्ति को मनमाफिक दायित्व मिले इसके लिए प्रारब्ध, पराक्रम के साथ देव कृपा भी आवश्यकता होती है। हम मानव हैं, हमारी इच्छाएं अनेक होती हैं, हम राजनीतिक क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं, इस क्षेत्र में नए अनुभव हमको प्रतिदिन देखने को मिलते हैं। हमारे कार्यकर्ता, जनता जनार्दन के महानुभाव जैसी समस्याएं हमारे पास लेकर आते हैं इसका त्वरित निराकरण एवं समाधान हमारे पास नहीं होता है। हमारी इच्छा होती है कि हम इसकी मदद करना चाहते हैं पर हमारे हाथ बंधे होते हैं। चाहे केन्द्र की सरकार हो या राज्य सरकार हो या भिण्ड की नगर पालिका हो। हमारा अधिकार सीमित है। भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में पूरे अनुशासन में रहकर जनता जनार्दन की सेवा करने हेतु अपनी एक कार्ययोजना आप लोग बनाएं और इसके लिए आपको एक कैलेंडर बनाना चाहिए, इसमें नगर पालिका प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर एक अच्छे एवं कुशल जनसेवक की भूमिका तय करें।
जिलाध्यक्ष गुर्जर ने कहा कि भाजपा ने आपको भाजपा कार्यकर्ता के साथ-साथ एक जनसेवक बनने को जो स्वर्णिम अवसर उपलब्ध कराया है उसको पूरे मनोयोग से क्षेत्र एवं वार्ड की जनता की भावना अनुसार विकास का एक ब्लूप्रिंट तैयार करें उसको लेकर आमजनता के बीच जाकर सहमति बनाएं और उसका पालन भी कराएं। आप भाजपा के जिम्मेदार कार्यकर्ता हो, उस वार्ड का प्रतिनिधित्व आपके हाथों में है, इसलिए आपको यह भी चिंता करना होगी प्रदेश एवं केन्द्र की सरकार की योजनाओं का लाभ मेरे वार्ड में मिल रहा है या नहीं।
इस अवसर सदर विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने कहा कि नगर पालिका के पार्षद का चुनाव विधानसभा और लोकसभा के चुनाव से सर्वाधिक कठिन चुनाव होता है। आज सभी अपने परिश्रम और भाग्य से विजयश्री हासिल कर जनप्रतिनिधि बने हैं। जनता के प्रति आपकी महती जिम्मेदारी है। जिन कार्यकर्ताओं को अवसर नहीं मिला उन्हें राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मु से प्रेरणा लेनी चाहिए, जिन्होंने एक समय अपना टिकट कटने के बाद भी गांव में रहकर जनता की सेवा की और कठिन परिस्थितियों में भी पार्टी का साथ नहीं छोड़ा। पार्टी के प्रति निष्ठावान कार्यकर्ता पर पार्टी की सदैव दृष्टि रहती है और पार्टी समय आने पर ऐसे कार्यकर्ताओं का सम्मान बढ़ाने का काम करती है। बैठक में नवनिर्वाचित पार्षदगण उपस्थित थे।